भारतीय स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में शानदार वापसी करते हुए सिल्वर मेडल अपने नाम किया। पिछले एक साल से फिटनेस और चोट की समस्याओं से जूझ रहे नीरज ने ग्लासगो में दमदार प्रदर्शन कर यह साबित कर दिया कि वह फिर से अपनी लय हासिल कर रहे हैं। इसी उपलब्धि के साथ नीरज कॉमनवेल्थ गेम्स के इतिहास में जैवलिन थ्रो में गोल्ड और सिल्वर दोनों पदक जीतने वाले पहले भारतीय एथलीट बन गए। इस प्रतियोगिता में भारत के यशवीर सिंह ने कांस्य पदक जीतकर देश की खुशी दोगुनी कर दी। मेडल जीतने के बाद नीरज ने अपनी वापसी पर संतोष जताया और युवा खिलाड़ियों की जमकर सराहना की।
यशवीर सिंह की तारीफ में नीरज ने कही बड़ी बात
प्रेस कॉन्फ्रेंस में नीरज चोपड़ा ने कहा कि उन्हें एशियन गेम्स की यादें ताजा हो गईं, जब उन्होंने और किशोर कुमार जेना ने भारत के लिए पदक जीते थे। उन्होंने कहा, “मुझे बहुत खुशी है कि यशवीर ने इतने बड़े मंच पर अपना पर्सनल बेस्ट थ्रो किया। उसके साथ पोडियम साझा करना शानदार एहसास है। सबसे बड़ी खुशी यह है कि अगर मैं मैदान पर नहीं भी रहूं या चोटिल हो जाऊं, तब भी भारत के पास मेडल जीतने वाले बेहतरीन जैवलिन थ्रोअर मौजूद हैं।” नीरज ने बताया कि यशवीर अब 85 मीटर क्लब में शामिल हो चुके हैं, जबकि रोहित भी लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। उनके मुताबिक भारत में जैवलिन थ्रो का भविष्य बेहद उज्ज्वल नजर आ रहा है।
फिटनेस पर बोले- वापसी सही दिशा में है
नीरज चोपड़ा ने कहा कि उन्होंने इस सीजन का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया है और उनकी वापसी सही दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि आगामी बड़े टूर्नामेंटों से पहले उनका आत्मविश्वास बढ़ा है और वह आने वाले मुकाबलों के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
ग्लासगो की ठंड बनी चुनौती
अपने प्रदर्शन पर बात करते हुए नीरज ने स्वीकार किया कि फाइनल में उनका सिर्फ एक थ्रो ही उम्मीद के मुताबिक रहा। उन्होंने कहा कि बाकी प्रयास और बेहतर हो सकते थे। उन्होंने कहा, “मुझे ठंडे मौसम में अच्छा प्रदर्शन करने में दिक्कत होती है। मैं गर्म मौसम में बेहतर महसूस करता हूं।” अब नीरज चोपड़ा एशियन गेम्स 2026 से पहले डायमंड लीग में हिस्सा लेते नजर आ सकते हैं।
भारत के खाते में पहुंचे 23 मेडल
कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 के नौवें दिन भारत का प्रदर्शन शानदार रहा। नीरज चोपड़ा के सिल्वर और यशवीर सिंह के ब्रॉन्ज सहित भारत के कुल पदकों की संख्या बढ़कर 23 हो गई।
पीएम नरेंद्र मोदी ने दी बधाई
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर नीरज चोपड़ा और यशवीर सिंह को उनकी उपलब्धि पर बधाई दी। नीरज चोपड़ा के लिए पीएम मोदी ने लिखा कि उन्होंने ग्लासगो में शानदार सिल्वर मेडल जीतकर एक बार फिर अपनी निरंतरता, संयम और जज्बे का परिचय दिया है। उनकी सफलता हर भारतीय को गर्व महसूस कराती है। वहीं, यशवीर सिंह को बधाई देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि उनका कांस्य पदक शानदार मेहनत और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि यशवीर की यह उपलब्धि देश के कई युवा खिलाड़ियों को प्रेरित करेगी।


