पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर (PoJK) के रावलकोट में जारी लॉन्ग मार्च के दौरान प्रदर्शनकारियों पर पाकिस्तानी सुरक्षा बलों द्वारा कथित गोलीबारी किए जाने का दावा किया गया है। जॉइंट अवामी एक्शन कमेटी (JAAC) ने आरोप लगाया है कि इस फायरिंग में कम से कम 19 लोगों की मौत हुई है, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हुए हैं। हालांकि, इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि अभी तक नहीं हो सकी है।
JAAC ने वीडियो जारी कर लगाए गंभीर आरोप
JAAC द्वारा जारी एक वीडियो संदेश में कहा गया कि प्रदर्शनकारियों का काफिला चिनार चौक पहुंचने के बाद रावलकोट स्थित मकबूल भट शहीद चौक पर रात्रि विश्राम करने वाला था और वहां से D-चौक की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान सुरक्षा बलों ने कथित तौर पर प्रदर्शनकारियों पर गोलीबारी की। वीडियो में JAAC ने कहा, “आज पाकिस्तान के सुरक्षा बलों ने हमारे निर्दोष युवाओं पर गोलीबारी की। इस घटना में हमारे 19 साथी शहीद हो गए हैं। इनमें आंदोलन के संस्थापक उमर नज़ीर कश्मीरी के छोटे भाई उस्मान नज़ीर भी शामिल हैं। इसके अलावा खैगाला, कोटली, टट्टापानी, बंजा-बासपुर, छोटा गाला और हवेली समेत कई क्षेत्रों के लोग भी मारे गए हैं। दो बलूच साथियों की भी मौत हुई है, जबकि दो दर्जन से अधिक लोग घायल हैं।”
विदेशों में रहने वाले कश्मीरियों से की अपील
JAAC ने विदेशों में रहने वाले कश्मीरियों से इस मुद्दे को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उठाने की अपील की है। संगठन ने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों पर अत्याचार किया जा रहा है और अंतरराष्ट्रीय समुदाय को इस मामले में हस्तक्षेप करना चाहिए। वीडियो संदेश में कहा गया कि पाकिस्तान के दूतावासों और संयुक्त राष्ट्र (UN) सहित अंतरराष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों के बाहर विरोध प्रदर्शन किए जाएं तथा लॉन्ग मार्च में शामिल लोगों के समर्थन में रैलियां आयोजित की जाएं।
JAAC द्वारा जारी मृतकों की सूची
JAAC ने जिन 19 लोगों के मारे जाने का दावा किया है, उनके नाम इस प्रकार हैं—
- नईम बट – कोटली
- उस्मान नज़ीर – रावलकोट
- निसार अहमद – बलूच
- काशिफ याक़ूब – रावलकोट
- सरदार फ़िदा हुसैन – त्रारखाल
- मुज़म्मिल – अली सोजल
- बासित शाह – हजीरा
- फहीम अफजल – छोटा गल्ला, रावलकोट
- कामरान मुश्ताक पनाखा – हजीरा
- जरघम खलील – दारेक, रावलकोट
- साकिब हनीफ़ – रीरह बान, रावलकोट
- साकिब इशाक – नंब गवारा, पल्लंद्री
- अरील असगर – टट्टापानी
- उस्मान गुल – दरेक ढोक, रावलकोट
- जफीर पहलवान – त्रारखाल
- निसार शाहीन – पाखो नरबाई
- अली हुसैन – खारी शरीफ, मीरपुर
- ख्वाजा अबरार लतीफ डार – खुर्शीदाबाद, हवेली
- कामरान हाफ़िज़ – कहुटा


