इटावा, उत्तर प्रदेश। इटावा के थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित वृंदावन कॉलोनी में रहने वाली 20 वर्षीय कोमल मिश्रा ने कथित तौर पर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले उन्होंने अपने मोबाइल फोन पर एक वीडियो रिकॉर्ड किया, जिसमें चार लोगों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार बताया। वीडियो पति को भेजने के बाद उन्होंने यह कदम उठा लिया। पुलिस ने वीडियो को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सुसाइड वीडियो में चार लोगों के नाम लिए
पुलिस के अनुसार, कोमल मिश्रा ने वीडियो में रूबी खान, सबीना खान, अभिषेक और रितेश का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि ये लोग उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहे थे। वीडियो में उन्होंने कहा कि ये लोग शादी से पहले की निजी बातों को पति और ससुराल वालों के सामने उजागर करने की धमकी देते थे, जिससे वह लंबे समय से तनाव में थीं।
पति को भेजा आखिरी वीडियो, खुद को नहीं ठहराया जिम्मेदार
कोमल ने अपने अंतिम वीडियो में पति सौरभ द्विवेदी की तारीफ करते हुए कहा कि वे एक अच्छे इंसान हैं और उनकी मौत के लिए उन्हें किसी भी तरह जिम्मेदार न ठहराया जाए। वीडियो भेजने के कुछ ही देर बाद उन्होंने चादर का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मृतक आश्रित में मिली थी पति को नौकरी
कोमल के पति सौरभ द्विवेदी बढ़पुरा ब्लॉक में कनिष्ठ सहायक (लिपिक) के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें मृतक आश्रित कोटे के तहत नौकरी मिली थी। मूल रूप से कानपुर के कल्याणपुर निवासी सौरभ ने करीब साढ़े तीन वर्ष पहले कोमल से प्रेम विवाह किया था। कोमल मिश्रा मेकअप आर्टिस्ट, ब्यूटीशियन और इवेंट ऑर्गेनाइजर के रूप में काम करती थीं। बताया जा रहा है कि जिन लोगों के नाम उन्होंने वीडियो में लिए हैं, उनके साथ वह पहले काम भी कर चुकी थीं।
AI से फोटो-वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप
पति सौरभ द्विवेदी ने बताया कि कोमल हाल ही में एक इवेंट के सिलसिले में जयपुर से लौटी थीं। उनके अनुसार, कुछ लोग कथित तौर पर AI तकनीक का इस्तेमाल कर फोटो और वीडियो बनाकर उन्हें ब्लैकमेल कर रहे थे, जिससे वह काफी परेशान थीं। उन्होंने बताया कि पत्नी का वीडियो मिलने के बाद उन्हें घटना की जानकारी हुई। तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
दो छोटे बच्चों को छोड़ गई कोमल
कोमल मिश्रा अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। इस घटना से परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मोबाइल फोन से मिले वीडियो और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


