आगरा। मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप ने शुक्रवार को मंडलायुक्त कार्यालय के लघु सभागार में मंडलीय विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में पशुपालन, पंचायती राज, स्वास्थ्य और विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए अधिकारियों को लंबित कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए।
गो संरक्षण केंद्रों की धीमी रफ्तार पर जताई नाराजगी
समीक्षा के दौरान आगरा में निर्माणाधीन वृहद गो संरक्षण केंद्रों और कान्हा गोशालाओं का निर्माण समय पर पूरा नहीं होने पर मंडलायुक्त ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को अंतिम समय-सीमा तय कर हर हाल में निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही मंडल की गोचर भूमि पर हरा चारा बोने और मथुरा व मैनपुरी में लक्ष्य के अनुरूप शेष गोवंश की शिफ्टिंग प्राथमिकता के आधार पर पूरी करने को कहा।
पंचायती राज विभाग को दिए विशेष निर्देश
पंचायती राज विभाग की समीक्षा में आगरा, मथुरा और मैनपुरी में लंबित अंत्येष्टि स्थलों का निर्माण जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा जिन विद्यालयों में अभी तक फर्नीचर उपलब्ध नहीं कराया गया है, उन्हें शीघ्र फर्नीचर से संतृप्त करने को कहा गया।
जननी सुरक्षा योजना और गोल्डन कार्ड की प्रगति सुधारने के निर्देश
बैठक में सामने आया कि जननी सुरक्षा योजना के तहत आगरा जिले में लाभार्थियों को भुगतान की प्रगति सबसे कम है। इस पर मंडलायुक्त ने अधिकारियों को तत्काल समीक्षा कर भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। साथ ही आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड बनाने की गति बढ़ाने और सरकारी भवनों पर रूफटॉप सोलर योजना की धीमी प्रगति का विस्तृत अध्ययन करने के लिए चारों जिलों के जिलाधिकारियों को निर्देशित किया।
लंबित योजनाओं का जल्द निस्तारण करने के निर्देश
मंडलायुक्त ने सीएम युवा उद्यमी योजना, रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष के लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के साथ ही रिक्त उचित दर राशन दुकानों पर नए चयन की प्रक्रिया भी जल्द पूरी करने के निर्देश दिए। बैठक में संयुक्त विकास आयुक्त उमेश मणि त्रिपाठी, आगरा, फिरोजाबाद, मथुरा और मैनपुरी के जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी तथा अन्य मंडलीय अधिकारी उपस्थित रहे।


