नई दिल्ली: देशभर के मौसम में अगले 12 घंटों के भीतर बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। एक तरफ असम और अरुणाचल प्रदेश में लगातार बारिश के कारण बाढ़ जैसे हालात बने हुए हैं, तो दूसरी ओर दिल्ली, राजस्थान और उत्तर भारत के कई हिस्से भीषण गर्मी से परेशान हैं। इस बीच, भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 15 राज्यों के लिए भारी बारिश, आंधी-तूफान और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार कई राज्यों में 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
इन 15 राज्यों में जारी हुआ मौसम अलर्ट
आईएमडी ने जिन राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है, उनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, केरल, तमिलनाडु और असम शामिल हैं।
दिल्ली-एनसीआर को मिलेगी गर्मी से राहत
दिल्ली-एनसीआर के लोगों को जल्द ही भीषण गर्मी और उमस से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने 30 जून और 1 जुलाई के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान तेज हवाओं के साथ बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है। अनुमान है कि 1 जुलाई के बाद राजधानी में बारिश की गतिविधियां और तेज हो सकती हैं।
उत्तर प्रदेश में धूल भरी आंधी और भारी बारिश की चेतावनी
उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश और तेज आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। प्रयागराज, कानपुर, आगरा, मथुरा, गाजियाबाद, नोएडा, मोरादाबाद और सुल्तानपुर समेत कई इलाकों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है।
बिहार में 70 Kmph की रफ्तार से चलेंगी हवाएं
बिहार के पटना, पश्चिमी और पूर्वी चंपारण, मुजफ्फरपुर, गया और भागलपुर सहित कई जिलों में भारी बारिश और तूफान की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घरों से बाहर निकलने में सावधानी बरतने की सलाह दी है।
राजस्थान में इस सप्ताह बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां
राजस्थान के जयपुर, बीकानेर, भरतपुर, अजमेर, कोटा और उदयपुर संभाग में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार 2 जुलाई से जयपुर में भारी बारिश का दौर शुरू हो सकता है, जो अगले चार से पांच दिनों तक रुक-रुककर जारी रहेगा।
पश्चिम बंगाल के पहाड़ी जिलों में रेड अलर्ट
दार्जिलिंग, कालिम्पोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट जारी किया गया है। कई इलाकों में 200 मिलीमीटर तक बारिश होने का अनुमान है। लगातार हो रही बारिश के कारण कई स्थानों पर भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।
दक्षिण भारत में भी बारिश का कहर
केरल के कासरगोड, कन्नूर और वायनाड समेत चार जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में 20 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की जा सकती है। वहीं, तमिलनाडु के चेन्नई, नीलगिरि और कोयंबटूर के पहाड़ी क्षेत्रों में भी तेज हवाओं और मूसलाधार बारिश की चेतावनी दी गई है। चेन्नई में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।


