36 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशदर्दनाक हादसा: कंटेनर ने बाइक को कई किलोमीटर घसीटा, मां और दो...

दर्दनाक हादसा: कंटेनर ने बाइक को कई किलोमीटर घसीटा, मां और दो बेटियों की मौत

मैनपुरी। बेवर थाना क्षेत्र में मंगलवार तड़के करीब 4:15 बजे जीटी रोड पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक महिला और उसकी दो मासूम बेटियों की मौत हो गई। हादसे में बाइक चला रहा महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई सैफई रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक, सदर कोतवाली क्षेत्र के कछपुरा दीवानी के पीछे रहने वाले 32 वर्षीय बॉबी सोमवार को अपनी पत्नी 30 वर्षीय सुमन और दो बेटियों चार वर्षीय वेदांशी और एक वर्षीय देवांशी उर्फ लाडो के साथ बेवर क्षेत्र के नगला टांकन में अपने मामा-ससुर उमेश के यहां कनागत का भोजन करने गए थे। परिजनों के अनुसार, बॉबी को सुबह ड्यूटी पर जाना था। इसी वजह से वह मंगलवार तड़के करीब 4:15 बजे पत्नी और दोनों बेटियों को बाइक पर बैठाकर घर के लिए निकले थे। जैसे ही वे जीटी रोड पर पहुंचे, पीछे से आए तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक को अपनी चपेट में ले लिया।

कंटेनर के पहिये में फंसी बाइक, कई किलोमीटर तक घसीटा

टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक कंटेनर के पहिये में फंस गई। कंटेनर बाइक को कई किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया। इसी दौरान बाइक और कंटेनर में आग लग गई। हादसे में सुमन और उनकी दोनों बेटियों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कंटेनर और बाइक में लगी आग पर काबू पाया। बताया गया कि कंटेनर में पार्सल के साथ स्पोर्ट्स शूज का सामान भी लदा था, जो आग की चपेट में आ गया।

बॉबी की हालत गंभीर, पीजीआई सैफई रेफर

हादसे में बाइक चला रहे बॉबी को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने उन्हें पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बेवर पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर किया, जहां से उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीजीआई सैफई भेज दिया गया।

नगर पालिका में काम करता है बॉबी

पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद सुमन के मामा उमेश ने बताया कि बॉबी के पिता ऋषि कुमार होमगार्ड हैं और जिलाधिकारी कार्यालय में ड्यूटी करते हैं। बॉबी नगर पालिका में काम करता है और पिछले कुछ दिनों से पिता के साथ ड्यूटी कर रहा था। उमेश के मुताबिक, सोमवार को बॉबी पत्नी और बच्चों के साथ उनके यहां कनागत खाने आया था। सुबह ड्यूटी पर जाना था, इसलिए वह तड़के परिवार को लेकर घर के लिए निकल गया। कुछ ही देर बाद परिवार को हादसे की सूचना मिली।

पुलिस ने कंटेनर चालक को हिरासत में लिया

एसपी सिटी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह कंटेनर की चपेट में आने से बाइक सवार महिला और उसकी दो बेटियों की मौत हुई है। बाइक चला रहा युवक गंभीर रूप से घायल है और उसे पीजीआई सैफई रेफर किया गया है। कंटेनर में भी आग लगी थी, जिसे दमकल कर्मियों ने बुझा दिया। पुलिस ने कंटेनर चालक को हिरासत में लेकर हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। एक साथ तीन मौतों से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments