23 C
Agra
Homeआगरामर्डर से सनसनी, घर में अकेले सो रहे युवक की हत्या से...

मर्डर से सनसनी, घर में अकेले सो रहे युवक की हत्या से गांव में दहशत

आगरा के अछनेरा में घर में सो रहे युवक की हत्या, सिर पर पत्थर से वार कर उतारा मौत के घाट

भतीजे ने दीवार फांदकर खोला घर का राज, अंदर पड़ी थी चाचा की खून से सनी लाश

आगरा। थाना अछनेरा क्षेत्र के ग्राम सहाई में एक 42 वर्षीय युवक की घर में सोते समय हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। अज्ञात हमलावरों ने धर्मवीर के सिर पर भारी पत्थर से हमला कर उनकी जान ले ली। घटना के बाद गांव में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही अछनेरा पुलिस मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को जल्द से जल्द मामले का खुलासा करने के निर्देश दिए।

जानकारी के मुताबिक, ग्राम सहाई निवासी धर्मवीर (42) पुत्र दिगम्बर सिंह अविवाहित थे और चार भाइयों में सबसे छोटे थे। वह अपने घर में अकेले रहते थे। बताया गया है कि वह रोजाना सुबह करीब छह बजे उठकर गाय को चारा डालते थे। शुक्रवार सुबह जब धर्मवीर अपने तय समय पर बाहर नहीं आए, तो उनके भतीजे सौरभ को चिंता हुई। सौरभ ने धर्मवीर के मोबाइल फोन पर कई बार संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उसे किसी अनहोनी की आशंका हुई।

दरवाजा अंदर से बंद था, दीवार फांदकर पहुंचा भतीजा

करीब सुबह 8 बजे सौरभ धर्मवीर के घर पहुंचा। घर का मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद सौरभ दीवार फांदकर घर के अंदर दाखिल हुआ। अंदर का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। फर्श पर धर्मवीर का खून से लथपथ शव पड़ा था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। बताया जा रहा है कि धर्मवीर के सिर पर किसी भारी पत्थर से वार किया गया था, जिससे उनकी मौत हो गई।

फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलने के करीब 10 से 15 मिनट के भीतर अछनेरा पुलिस घटनास्थल पर पहुंच गई। वारदात की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी वेस्ट आदित्य कुमार भी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच के लिए जरूरी दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हत्या के पीछे क्या वजह थी और वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी कौन हैं। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ अन्य संभावित पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। घटना के बाद से गांव में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments