35.4 C
Agra
Homeअपराधइंदौर डबल मर्डर: 8 साल के बेटे ने खोली खौफनाक रात की...

इंदौर डबल मर्डर: 8 साल के बेटे ने खोली खौफनाक रात की पूरी कहानी, पिता पर मां-बेटी की हत्या का आरोप

इंदौर: मध्यप्रदेश के इंदौर में कनाड़िया थाना क्षेत्र के झलारिया गांव में हुए सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। घरेलू विवाद के बाद एक पिता पर अपनी पत्नी की हत्या करने और दोनों बच्चों को तालाब में फेंकने का गंभीर आरोप लगा है। इस घटना में 11 वर्षीय बेटी माही और उसकी मां अनीता की मौत हो गई, जबकि 8 वर्षीय बेटा अजय किसी तरह अपनी जान बचाने में कामयाब रहा।

8 साल के बेटे ने सुनाई खौफनाक रात की कहानी

इस मामले में सबसे अहम कड़ी मृतका के 8 वर्षीय बेटे अजय का बयान है। बच्चे के मुताबिक, विवाद के दौरान उसके पिता सुनील चौहान ने पहले उसकी मां के साथ मारपीट की और फिर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी दोनों बच्चों को तालाब के पास ले गया और उन्हें पानी में फेंक दिया। अजय ने बताया कि जान बचाने के लिए उसने तालाब में डूबने का नाटक किया और एक झाड़ी पकड़ ली। कुछ देर बाद वह किसी तरह पानी से बाहर निकला और झाड़ियों में छिपकर अपनी जान बचाई। बाद में उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी।

तालाब में रातभर चला सर्च ऑपरेशन

घटना की सूचना मिलने के बाद कनाड़िया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। रात होने के कारण तालाब में तलाशी अभियान चलाने में दिक्कत आई। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। रातभर चले सर्च ऑपरेशन के बाद पुलिस ने महिला अनीता और उसकी 11 वर्षीय बेटी माही के शव तालाब से बरामद किए।

पत्नी से विवाद के बाद वारदात का आरोप

जोन-2 के एडिशनल डीसीपी अमरेंद्र सिंह के अनुसार, शुरुआती जांच में पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक, अनीता के मोबाइल फोन पर अन्य लोगों से बातचीत को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। घटना वाली शाम भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस का आरोप है कि विवाद के बाद सुनील पत्नी और दोनों बच्चों को तालाब के पास ले गया। वहां कथित तौर पर उसने अनीता की साड़ी के पल्लू से गला घोंटा और चाकू से भी वार किए। इसके बाद बच्चों को तालाब में फेंकने का आरोप है।

आरोपी पुलिस हिरासत में, जांच जारी

पुलिस ने आरोपी सुनील चौहान को हिरासत में लेकर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब घटनाक्रम की कड़ियों को जोड़ने के साथ हत्या की वास्तविक वजह और वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मां और बहन को खो चुका 8 वर्षीय अजय इस मामले का अहम चश्मदीद है। उसकी बताई घटना ने इस वारदात की भयावहता को सामने ला दिया है। फिलहाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments