टीवी एक्ट्रेस प्रियंका चाहर चौधरी इन दिनों एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाल ही में फिल्ममेकर और कोरियोग्राफर फराह खान के लेटेस्ट व्लॉग में प्रियंका ने अपनी प्रोफेशनल लाइफ से जुड़े कई दिलचस्प खुलासे किए। उन्होंने बताया कि उन्हें ‘नागिन 7’ का ऑफर ‘बिग बॉस’ के दौरान ही मिल गया था, लेकिन शुरुआत में उन्होंने इस शो को करने में हिचकिचाहट दिखाई थी। इतना ही नहीं, एक्ट्रेस ने यह भी बताया कि ‘नागिन 7’ और रियलिटी शो ‘बैटलग्राउंड’ की शूटिंग एक साथ संभालना उनके लिए कितना चुनौतीपूर्ण रहा।
बिग बॉस के दौरान मिला था ‘नागिन 7’ का ऑफर
प्रियंका ने बताया कि एकता कपूर ने उन्हें ‘बिग बॉस’ के घर के अंदर ही ‘नागिन 7’ का ऑफर दिया था। उन्होंने कहा कि शो से बाहर आने से पहले एकता कपूर ने उन्हें गले लगाते हुए धीरे से कहा था कि वह जल्द ही उन्हें कॉल करेंगी। उसी वक्त प्रियंका को अंदाजा हो गया था कि बात ‘नागिन’ की ही है। प्रियंका के मुताबिक, बाद में एकता कपूर ने उन्हें यह भी बताया कि जब फिल्ममेकर दिबाकर बनर्जी कंटेस्टेंट्स का चयन कर रहे थे, तब उन्होंने खास तौर पर कहा था कि प्रियंका को एलिमिनेट न किया जाए क्योंकि वह उन्हें एक बड़े प्रोजेक्ट के लिए लेना चाहती थीं।
क्यों किया था ‘नागिन 7’ का ऑफर रिजेक्ट?
प्रियंका ने खुलासा किया कि शुरुआत में उन्होंने इस शो के लिए हामी नहीं भरी थी। उनका मानना था कि वह ऐसा प्रोजेक्ट करना चाहती हैं जिसमें ज्यादा नेचुरल एक्टिंग की गुंजाइश हो। उन्होंने बताया कि जब उन्हें शो को लेकर कॉल आया, तब वह अमेरिका जाने वाली फ्लाइट में थीं। फ्लाइट में वाई-फाई होने की वजह से उन्होंने बातचीत तो की, लेकिन कोई अंतिम फैसला नहीं लिया। बाद में कास्टिंग टीम ने उन्हें बताया कि कॉल खत्म होने के बाद पूरी टीम को लगा कि शायद उन्होंने ऑफर ठुकरा दिया है।
‘नागिन 7’ और ‘बैटलग्राउंड’ के बीच बनाया संतुलन
प्रियंका ने बताया कि उन्होंने ‘नागिन 7’ के साथ-साथ रियलिटी शो ‘बैटलग्राउंड’ में मेंटर की जिम्मेदारी भी निभाई। यही वजह थी कि उनका शेड्यूल बेहद व्यस्त हो गया था। एक्ट्रेस के अनुसार, वह ‘नागिन 7’ के लिए महीने में करीब 26 दिन शूटिंग करती थीं और हर दिन 12 घंटे सेट पर रहती थीं। वहीं ‘बैटलग्राउंड’ की शूटिंग रात 10 बजे से सुबह 7 बजे तक चलती थी। सुबह घर पहुंचकर वह जल्दी से तैयार होतीं और सुबह 9 बजे तक ‘नागिन 7’ के सेट पर पहुंच जाती थीं।
40 मिनट की झपकी लेकर पूरा करती थीं दिनभर की शूटिंग
प्रियंका ने बताया कि लगातार दोनों प्रोजेक्ट्स की शूटिंग के कारण ऐसा महसूस होता था जैसे वह 36 घंटे तक बिना रुके काम कर रही हों। उन्होंने कहा कि दिनभर की भागदौड़ के बीच उन्हें केवल 40 मिनट की झपकी लेने का समय मिलता था, क्योंकि दिन में उन्हें ठीक से नींद भी नहीं आ पाती थी। एक्ट्रेस ने माना कि यह दौर उनके करियर का सबसे चुनौतीपूर्ण समय था, लेकिन वह कुछ नया और अलग करने की चाह में लगातार मेहनत करती रहीं।


