29.8 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेश250 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा: 50 हजार का इनामी आरोपी...

250 करोड़ की साइबर ठगी का खुलासा: 50 हजार का इनामी आरोपी राजवीर गिरफ्तार, मास्टरमाइंड सुल्तान मिर्जा दुबई-नेपाल में छिपा होने की आशंका

कानपुर: कानपुर पुलिस कमिश्नरेट की साइबर पुलिस और एडीसीपी ऑपरेशंस सुमित सुधाकर रामटेके की टीम ने देशभर में फैले बड़े साइबर ठगी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए 250 करोड़ रुपये के संदिग्ध लेनदेन से जुड़े 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी राजवीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं उसके सहयोगी शिवम (शुभम) सिन्हा को बर्रा पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने दबोच लिया। गिरोह का सरगना अभय शुक्ला उर्फ सुल्तान मिर्जा अभी भी फरार है। पुलिस को आशंका है कि वह नेपाल या दुबई में छिपा हुआ है।

पहले भी गिरफ्तार हो चुके हैं बैंककर्मी

इस मामले में पुलिस इससे पहले 30 अप्रैल को चार बैंककर्मियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। जांच में सामने आया था कि साइबर गिरोह ने इन बैंक कर्मचारियों को अवैध बैंक खाते खुलवाने और संचालन में मदद के बदले करीब 40 लाख रुपये दिए थे। पुलिस अब गिरोह के मास्टरमाइंड सुल्तान मिर्जा की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

तीन महीने से फरार था राजवीर

पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि करीब 125 करोड़ रुपये की साइबर ठगी से जुड़े मामले में पिछले तीन महीने से फरार चल रहे औरैया के दिबियापुर निवासी और वर्तमान में बर्रा निवासी राजवीर सिंह को गिरफ्तार किया गया है। उसके साथ रतनलाल नगर स्थित जैना पैलेस निवासी शिवम सिन्हा भी पुलिस की गिरफ्त में है।

125 बैंक खाते, 1600 शिकायतें और 250 करोड़ का ट्रांजेक्शन

जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों से जुड़े 125 बैंक खातों का पता लगाया है। इन खातों के खिलाफ एनसीआरपी (National Cyber Crime Reporting Portal) पर देशभर से करीब 1600 शिकायतें दर्ज मिली हैं। पुलिस के अनुसार वर्ष 2021 से 2026 के बीच इन खातों के माध्यम से लगभग 250 करोड़ रुपये का लेनदेन हुआ। अब तक 4.25 करोड़ रुपये की राशि वाले बैंक खाते फ्रीज किए जा चुके हैं।

बैंक कर्मचारी से साइबर नेटवर्क तक का सफर

पुलिस जांच में सामने आया कि राजवीर पहले फिनो पेमेंट बैंक में फील्ड वर्कर था, जहां उसका काम ग्राहकों के बैंक खाते खुलवाना था। कोविड काल में बैंकिंग व्यवस्था में बदलाव के बाद उसने वर्ष 2021 में बर्रा क्षेत्र में एक साइबर कैफे शुरू किया। इसी दौरान वह साइबर ठगी नेटवर्क से जुड़ गया और फर्जी व संदिग्ध बैंक खातों के जरिए करोड़ों रुपये के लेनदेन में शामिल हो गया।

पीएसआईटी से पढ़े हैं आरोपी

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी शिवम सिन्हा ने पीएसआईटी से बैचलर ऑफ टूरिज्म की पढ़ाई की है, जबकि फरार मास्टरमाइंड अभय शुक्ला उर्फ सुल्तान मिर्जा ने इसी संस्थान से बीटेक किया है। जांच एजेंसियां गिरोह के अन्य सदस्यों और उनकी संपत्तियों की भी जांच कर रही हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments