35.9 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशशिकोहाबाद में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, इटावा लूटकांड के दो आरोपी ढेर,...

शिकोहाबाद में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, इटावा लूटकांड के दो आरोपी ढेर, एसओजी के दो जवान घायल

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद में शुक्रवार सुबह पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। नगला कन्हई क्षेत्र स्थित एक स्कूल के पास करीब आधे घंटे तक दोनों ओर से गोलियां चलीं। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने दो कुख्यात बदमाशों को मार गिराया। वहीं, मुठभेड़ के दौरान एसओजी के दो जवान गोली लगने से घायल हो गए, जिनमें एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

ट्रेन से भाग रहे थे बदमाश

पुलिस को सूचना मिली थी कि गाजियाबाद से झारखंड जा रही संबलपुर एक्सप्रेस में दो वांछित बदमाश सवार हैं। सूचना मिलते ही इटावा एसओजी ने शिकोहाबाद रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर दी। पुलिस की मौजूदगी देखकर दोनों आरोपी ट्रेन से उतरकर भागने लगे। बताया जा रहा है कि घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई करते हुए एसओजी ने उनका पीछा किया। भागते हुए दोनों आरोपी नगला कन्हई गांव में स्थित एक स्कूल के पास जाकर छिप गए, जहां पुलिस और बदमाशों के बीच करीब 30 मिनट तक मुठभेड़ चली।

जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाश ढेर

मुठभेड़ के दौरान पुलिस ने दोनों बदमाशों को मार गिराया। उनकी पहचान इटावा निवासी सुमित और अंकित उर्फ सीपू के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार दोनों लंबे समय से फरार चल रहे थे और कई आपराधिक मामलों में वांछित थे।

डॉक्टर लूटकांड के आरोपी थे दोनों

पुलिस के मुताबिक, 3 जुलाई को इटावा के फ्रेंड्स कॉलोनी क्षेत्र में एक डॉक्टर से लूट की वारदात को तीन बदमाशों ने अंजाम दिया था। घटना के कुछ घंटों बाद पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि सुमित और अंकित फरार थे। शुक्रवार को मिली सूचना के आधार पर दोनों की घेराबंदी की गई, जिसके बाद यह मुठभेड़ हुई।

मुठभेड़ में एसओजी के दो जवान घायल

बदमाशों की फायरिंग में एसओजी के सिपाही डेविड चौहान और पुष्पेंद्र चौधरी गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। डेविड चौहान की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए आगरा रेफर किया गया है, जबकि दूसरे घायल जवान का उपचार स्थानीय अस्पताल में जारी है।

इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया। घटनास्थल से हथियार और अन्य सामान बरामद किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गए हैं। पुलिस का कहना है कि मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments