दो बार की ओलंपिक पदक विजेता और पांच बार की BWF विश्व चैंपियनशिप पदक विजेता पीवी सिंधु ने डाइहात्सु जापान ओपन 2026 (BWF सुपर 750) के क्वार्टर फ़ाइनल में शानदार अंदाज़ में प्रवेश कर लिया है। गुरुवार को खेले गए प्री-क्वार्टर फ़ाइनल मुकाबले में उन्होंने विश्व नंबर 5 हान यू को सीधे गेमों में 21-16, 21-14 से हराकर अपनी दावेदारी मजबूत की। सिंधु ने पहले गेम में शुरुआत से ही बढ़त बनाए रखी और 21-16 से जीत दर्ज की। दूसरे गेम में उन्होंने 8-0 की तेज़ बढ़त हासिल की और केवल 35 मिनट में मुकाबला अपने नाम कर लिया।
अब क्वार्टर फ़ाइनल में सिंधु का सामना जापान की पूर्व विश्व नंबर 1 नोज़ोमी ओकुहारा से होगा। इस मुकाबले की विजेता सेमीफ़ाइनल में जगह बनाएगी। यह इस सीज़न में सिंधु का छठा क्वार्टर फ़ाइनल है। इससे पहले वह इंडोनेशिया, थाईलैंड और सिंगापुर ओपन में अंतिम आठ तक पहुँची थीं, जबकि मलेशिया और ऑस्ट्रेलिया ओपन में सेमीफ़ाइनल तक का सफर तय किया था। वहीं, भारत के लिए मिक्स्ड डबल्स में निराशा रही। ध्रुव कपिला और तनीषा क्रास्टो की जोड़ी को राउंड ऑफ़ 16 में चीन के फेंग यान झे और हुआंग डोंग पिंग ने 22-20, 21-17 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया।


