33.1 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशनोएडा के मामूरा गांव में ई-स्कूटर बैटरी में स्पार्क से लगी भीषण...

नोएडा के मामूरा गांव में ई-स्कूटर बैटरी में स्पार्क से लगी भीषण आग, 2 लोगों की मौत, 50 परिवारों का रेस्क्यू

नोएडा: दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया। सेक्टर-66 के मामूरा गांव स्थित जी-4 भवन में ई-स्कूटर की बैटरी चार्जिंग के दौरान कथित तौर पर स्पार्क होने से भीषण आग लग गई। आग तेजी से आसपास खड़े पेट्रोल वाहनों तक फैल गई, जिससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एक महिला और एक पुरुष की मौत हो गई, जबकि भवन में रहने वाले करीब 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

कैसे लगी आग?

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ग्राउंड फ्लोर पर चार्जिंग में लगी इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) की बैटरी में स्पार्क हुआ। इसके बाद आग ने पास में खड़े पेट्रोल वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे भवन में धुआं भर गया। हालांकि, आग लगने के सटीक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी।

7 दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग की सात दमकल गाड़ियां, हाइड्रोलिक प्लेटफॉर्म, मुख्य अग्निशमन अधिकारी और स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। संयुक्त अभियान चलाकर आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान भवन में फंसे लगभग 50 परिवारों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

धुएं से दम घुटने से 2 लोगों की मौत

आग के दौरान इमारत में फैले घने धुएं की वजह से दो लोगों की तबीयत गंभीर हो गई। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक महिला और एक पुरुष को मृत घोषित कर दिया।

सीएम योगी ने लिया घटना का संज्ञान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने घायलों के समुचित इलाज और पूरे मामले की लगातार निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने प्रशासन को हर स्तर पर सतर्कता बरतने और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं।

मकान मालिक के खिलाफ केस दर्ज

पुलिस के अनुसार, थाना फेस-3 में मकान मालिक/लीज धारक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। मामले की जांच जारी है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

भीड़भाड़ वाला इलाका होने से मचा हड़कंप

मामूरा गांव नोएडा का घनी आबादी वाला इलाका है, जहां बड़ी संख्या में परिवार रहते हैं। ऐसे में आग लगने की घटना से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है और प्रशासन मौके पर हालात पर नजर बनाए हुए है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments