33.7 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशसंभल में 10.5 बीघा सरकारी और कब्रिस्तान की जमीन कब्जामुक्त, अवैध ईदगाह,...

संभल में 10.5 बीघा सरकारी और कब्रिस्तान की जमीन कब्जामुक्त, अवैध ईदगाह, मस्जिद, मीनारें और मकान हटाए

संभल: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 10.5 बीघा से अधिक सरकारी और कब्रिस्तान की जमीन को कब्जामुक्त कराया। करीब छह घंटे तक चली इस कार्रवाई में बुलडोजर की मदद से अवैध रूप से निर्मित ईदगाह, मस्जिद, लगभग 30-30 फीट ऊंची दो मीनारों और दो मकानों को हटाया गया। यह अभियान जिले के मढ़न गांव में चलाया गया। प्रशासन के अनुसार, जिस जमीन की अनुमानित कीमत 5 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है, उस पर लंबे समय से अवैध कब्जा था। अधिकारियों का कहना है कि पिछले तीन से चार वर्षों के दौरान इस भूमि पर अवैध प्लॉटिंग भी की जा रही थी, जिससे सरकारी संपत्ति का व्यावसायिक उपयोग करने की तैयारी थी।

अदालत के निर्देश के बाद हुई कार्रवाई

अधिकारियों के मुताबिक, मामला अदालत तक पहुंचने के बाद अप्रैल में अवैध निर्माण हटाने के निर्देश जारी किए गए थे। इन्हीं आदेशों के अनुपालन में राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने सीमांकन और पैमाइश पूरी करने के बाद बुलडोजर कार्रवाई की। प्रशासन का दावा है कि सरकारी और कब्रिस्तान की जमीन पर बिना अनुमति ईदगाह, मस्जिद, मीनारों सहित अन्य निर्माण किए गए थे। जांच के बाद चिन्हित सभी अवैध निर्माणों को हटा दिया गया।

सुरक्षा के रहे कड़े इंतजाम

कार्रवाई के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति से बचने के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए। मौके पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, तहसीलदार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। इसके अलावा रैपिड एक्शन फोर्स (RAF) के करीब 100 जवानों को भी तैनात किया गया था। जमीन की पैमाइश और सीमांकन का कार्य दो नायब तहसीलदारों और आठ लेखपालों की टीम ने किया। सत्यापन के बाद सरकारी जमीन पर बने दो मकानों को भी बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया।

प्रशासन का दावा- आगे भी जारी रहेगा अभियान

प्रशासन का कहना है कि पिछले तीन से चार वर्षों में इस क्षेत्र में अवैध कब्जे और निर्माण की गतिविधियां तेजी से बढ़ी थीं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसे मामलों में नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments