नवी मुंबई के राबले एमआईडीसी पुलिस ने करीब 11 महीने पुराने एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने मिलकर पति की हत्या की और पहचान छिपाने के लिए शव के तीन टुकड़े कर जंगल में अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिए। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुनीता कुशवाहा (40) और राहुल दशरथ प्रजापति (30) के रूप में हुई है। दोनों को स्थानीय अदालत ने सात दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।
पति करता था कथित रिश्ते का विरोध
पुलिस जांच के अनुसार, मृतक बलिराम सूर्यनाथ कुशवाहा (50) अपनी पत्नी सुनीता और राहुल के कथित प्रेम संबंध का विरोध करता था। इसी विवाद के चलते दोनों ने मिलकर बलिराम की हत्या की साजिश रची।
सोते समय हत्या, फिर शव के किए तीन टुकड़े
जांच में सामने आया कि 9 अगस्त 2025 की रात वारदात से पहले दंपति के दोनों बच्चों को उनकी मौसी के घर भेज दिया गया था। इसके बाद बलिराम की कथित तौर पर पहले गला घोंटकर हत्या की गई और फिर धारदार हथियार से सिर धड़ से अलग कर दिया गया। सबूत मिटाने के उद्देश्य से आरोपियों ने शव के तीन हिस्से किए। पुलिस के अनुसार, इन हिस्सों को अलग-अलग बोरियों और चादरों में लपेटकर राहुल के ऑटो रिक्शा से गावली देव पहाड़ी के जंगल में तीन अलग-अलग जगहों पर फेंक दिया गया।
हत्या के बाद पति के घर छोड़ने की फैलाई कहानी
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद सुनीता अपने बच्चों को लेकर घंसोली चली गई और राहुल के साथ रहने लगी। इस दौरान आसपास के लोगों और रिश्तेदारों को यह बताया गया कि बलिराम घर छोड़कर कहीं चला गया है।
भाई की शिकायत से खुला पूरा मामला
मामले का खुलासा तब हुआ जब बलिराम के भाई ने उसकी तलाश शुरू की। काफी समय तक कोई जानकारी नहीं मिलने पर अप्रैल 2026 में राबले एमआईडीसी पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई गई। जांच के दौरान पुलिस ने कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), मोबाइल नंबरों में बदलाव और दोनों आरोपियों के बयानों में विरोधाभास का विश्लेषण किया। लगातार पूछताछ के बाद दोनों ने कथित तौर पर हत्या की साजिश और वारदात की जानकारी स्वीकार कर ली।
जंगल में अवशेषों की तलाश जारी
फिलहाल पुलिस गावली देव जंगल में मृतक के कंकाल और अन्य अवशेषों की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन चला रही है। मामले की विस्तृत जांच अभी जारी है।
पुलिस का बयान
राबले एमआईडीसी पुलिस स्टेशन के वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक देवीदास कठारे ने बताया कि मृतक के भाई की शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।


