38.2 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशपति की शराब की लत से परेशान पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम,...

पति की शराब की लत से परेशान पत्नी ने उठाया खौफनाक कदम, पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का आरोप

फतेहपुर, उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पति की शराब की लत और कथित घरेलू प्रताड़ना से परेशान एक महिला पर अपने पति को पेट्रोल डालकर जिंदा जलाने का आरोप लगा है। शुरुआत में महिला ने घटना को दुर्घटना बताने की कोशिश की, लेकिन पुलिस जांच में मामला हत्या का निकला। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पहले बताया हादसा, फिर खुला हत्या का राज

यह मामला फतेहपुर के मालवा थाना क्षेत्र के असवार तारापुर गांव का है। 27 जून को अवधेश कुमार उर्फ पवन की आग से झुलसकर मौत हो गई थी। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू की। मृतक की पत्नी प्रीति उर्फ विनीता ने पुलिस को बताया था कि उसका पति शराब के नशे में घर आया था और खटिया पर लेटकर बीड़ी पी रहा था। उसने दावा किया कि वह बैंक से पैसे निकालने गई थी और लौटने पर घर से धुआं निकलता देखा। पड़ोसियों की मदद से आग बुझाई गई, लेकिन अस्पताल ले जाते समय अवधेश की मौत हो गई।

मृतक के भाई की शिकायत से बदली जांच की दिशा

मामले में नया मोड़ तब आया जब मृतक के भाई राजकुमार ने पुलिस को तहरीर देकर हत्या की आशंका जताई। इसके बाद पुलिस ने घटना की गहन जांच शुरू की और मृतक की पत्नी से दोबारा पूछताछ की। पुलिस पूछताछ में महिला ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने ही अपने पति को आग लगाई थी। उसने बताया कि घटना के बाद वह घर से बाहर निकल गई थी और बाद में शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया, ताकि किसी को उस पर शक न हो।

शराब की लत और घरेलू हिंसा से थी परेशान

पुलिस के अनुसार, आरोपी महिला ने बताया कि उसका पति लंबे समय से शराब का आदी था। वह कोई काम नहीं करता था और अक्सर शराब पीकर घर लौटता था। महिला का आरोप है कि उसका पति आए दिन उसके साथ मारपीट करता था और घर के बर्तन तथा अन्य सामान बेचकर शराब पी जाता था। यहां तक कि मजदूरी करके कमाए गए पैसे भी छीन लेता था।ग्रामीणों ने भी बताया कि अवधेश की शादी करीब 12 साल पहले हुई थी और दंपति की कोई संतान नहीं थी। गांव के लोगों के मुताबिक, मृतक को शराब की गंभीर लत थी और पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।

बैंक बंद होने की जानकारी से पुलिस को हुआ शक

फतेहपुर के पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने बताया कि घटना वाले दिन महीने का अंतिम शनिवार था, जिस कारण बैंक बंद थे। महिला द्वारा बैंक से पैसे निकालने जाने की बात पुलिस को संदिग्ध लगी। इसी आधार पर जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने कथित रूप से अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस के अनुसार, महिला ने पति के नशे और प्रताड़ना से तंग आकर उस पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। नशे की हालत में होने के कारण अवधेश खुद को बचा नहीं सका और गंभीर रूप से झुलसने से उसकी मौत हो गई।फिलहाल पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments