मुंबई: बॉलीवुड के ‘नवाब’ सैफ अली खान ने हाल ही में बढ़ते पैपराज़ी कल्चर और सेलिब्रिटीज की निजी जिंदगी में हो रही दखलअंदाजी पर खुलकर अपनी राय रखी है। सैफ का मानना है कि 24 घंटे कैमरों की मौजूदगी ने फिल्म स्टार्स के उस रहस्य और आकर्षण को काफी हद तक कम कर दिया है, जो कभी उनकी पहचान और स्टारडम का अहम हिस्सा हुआ करता था। एक इंटरव्यू के दौरान वरिष्ठ पत्रकार बरखा दत्त से बातचीत में सैफ अली खान ने पैपराज़ी कल्चर के साथ अपने जटिल रिश्ते पर विस्तार से बात की। उन्होंने कहा कि इस विषय पर खुलकर बोलना आसान नहीं है, क्योंकि अक्सर लोगों को लगता है कि सेलिब्रिटीज अपनी प्रसिद्धि के कारण खुद को विशेष समझते हैं। सैफ ने कहा, “यह एक बहुत ही अजीब रिश्ता है। मुझे यह जानकर हैरानी होती है कि कुछ लोग खुद ही पैपराज़ी को बुलाने के लिए पैसे देते हैं। आज के दौर में यह समझना मुश्किल हो गया है कि कौन वास्तविक पत्रकार है और कौन सिर्फ सनसनी के लिए काम कर रहा है। अगर आप अपनी निजता की रक्षा के लिए कुछ कहते हैं, तो आपको बिगड़ा हुआ या घमंडी समझ लिया जाता है।”
‘पैपराज़ी कल्चर से स्टारडम का जादू कम हुआ’
सैफ अली खान का मानना है कि पैपराज़ी कल्चर ने सेलिब्रिटीज को आम लोगों के और करीब तो पहुंचा दिया है, लेकिन इसके साथ ही उनके व्यक्तित्व से जुड़ा रहस्य और ग्लैमर भी कम हो गया है। उन्होंने कहा कि पैपराज़ी फोटोग्राफी का उद्देश्य अक्सर उन निजी पलों को कैद करना होता है, जिन्हें कोई सार्वजनिक नहीं करना चाहता। उन्होंने कहा, “मुझे लगता है कि इससे फिल्म स्टार्स की अहमियत और उनकी रहस्यमयी छवि कमजोर होती है। हालांकि, यह उन्हें सीधे लोगों के ड्रॉइंग रूम तक पहुंचा देता है। असल में, पैपराज़ी की सबसे चर्चित तस्वीर वही होती है, जिसमें कोई सेलिब्रिटी ऐसी स्थिति में दिख जाए, जिसे वह सार्वजनिक नहीं करना चाहता। यही वजह है कि पश्चिमी देशों में कई कलाकार पैपराज़ी संस्कृति को पसंद नहीं करते, क्योंकि यह उनकी निजी जिंदगी और वास्तविकता को पूरी तरह सामने ले आती है।” सैफ ने आगे कहा कि उन्हें लगता है कि पैपराज़ी कल्चर के बिना भी उनकी जिंदगी बेहतर तरीके से चल सकती थी और स्टारडम का आकर्षण भी अधिक बरकरार रहता।
‘हैवान’ में अक्षय कुमार के साथ नजर आएंगे सैफ
वर्कफ्रंट की बात करें तो सैफ अली खान इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘हैवान’ की रिलीज की तैयारी में जुटे हैं। इस थ्रिलर फिल्म में वह अक्षय कुमार के साथ स्क्रीन साझा करते नजर आएंगे। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह फिल्म 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म में श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगी। ‘हैवान’ को प्रियदर्शन की साल 2016 की चर्चित मलयालम फिल्म ‘ओप्पम’ का हिंदी रीमेक बताया जा रहा है। खास बात यह है कि मूल फिल्म के अभिनेता मोहनलाल भी इस हिंदी संस्करण में एक विशेष कैमियो भूमिका में नजर आएंगे।


