आगरा के पक्की सराय क्षेत्र में हुए दर्दनाक हादसे में जर्जर छज्जा और उसके ऊपर बने टॉयलेट-बाथरूम के गिरने से 10 वर्षीय बच्चे और एक बुजुर्ग की जान चली गई। घटना के बाद पुलिस ने मृतक बच्चे की मां की शिकायत पर सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
17 जून की शाम हुआ था हादसा
जानकारी के अनुसार, 17 जून की शाम ताजगंज थाना क्षेत्र के पक्की सराय में मस्जिद के पास स्थित अंसार के मकान का जर्जर छज्जा अचानक भरभराकर गिर गया। छज्जे के ऊपर बने टॉयलेट और बाथरूम के मलबे की चपेट में आने से 10 वर्षीय फैसल की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 65 वर्षीय रमेश राठौर गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में इलाज के दौरान रमेश राठौर ने भी दम तोड़ दिया।
पहले भी दी गई थी जर्जर छज्जे की शिकायत
मृतक फैसल की मां सीमा बेगम ने ताजगंज थाने में दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि मकान का छज्जा लंबे समय से जर्जर था। इसकी शिकायत कई बार मकान मालिक अंसार और उसके पुत्रों गुफरान, फुरकान, रजा, रोमान, रेहवर तथा उसके भाई चांद से की गई थी।
परिजनों का कहना है कि स्थानीय लोगों ने भी संभावित हादसे को लेकर कई बार चेतावनी दी थी, लेकिन आरोपियों ने छज्जा हटवाने या मरम्मत कराने के बजाय शिकायत करने वालों से विवाद किया और उन्हें धमकाया।
सात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
पुलिस ने सीमा बेगम की तहरीर के आधार पर अंसार, उसके पांच पुत्रों और उसके भाई सहित कुल सात लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले में पुलिस साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
पुलिस का बयान
डीसीपी सिटी सैयद अली अब्बास ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


