आगरा। थाना जगदीशपुरा क्षेत्र के घड़ी भदोरिया इलाके में स्थित शिव बाबा हाउस की पहली मंजिल पर रविवार को अचानक भीषण आग लग गई। आग की तेज लपटों और उठते धुएं को देखकर इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग की कई दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। पहली मंजिल पर आग लगने के कारण दमकल कर्मियों को आग बुझाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। संकरी गलियों और ऊंची उठती लपटों के बीच फायर ब्रिगेड की टीम ने लगातार प्रयास कर आग पर काबू पाया। मौके पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी भी मौजूद रहे और पूरे अभियान की निगरानी करते हुए अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटना में किसी के हताहत होने या फंसे होने की सूचना नहीं है। आग लगने के समय भवन में मौजूद सभी लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। अग्निशमन विभाग और संबंधित अधिकारी आग के कारणों की जांच में जुटे हैं। वहीं, आग से पहली मंजिल पर हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक इस घटना में लाखों रुपये की संपत्ति के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे तथा स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


