42.1 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशथर्माकोल गोदाम में भीषण आग, दमकल की 5 गाड़ियों ने आधे घंटे...

थर्माकोल गोदाम में भीषण आग, दमकल की 5 गाड़ियों ने आधे घंटे में पाया काबू

आगरा, 20 जून। आगरा के ताजगंज थाना क्षेत्र स्थित धांधूपुरा के नगला टीन इलाके में शुक्रवार शाम एक थर्माकोल गोदाम में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया। गोदाम में काम कर रहे मजदूरों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई, जबकि आसपास के लोग भी धुआं और ऊंची लपटें देखकर घरों से बाहर आ गए। जानकारी के अनुसार, शहीद नगर निवासी अंकित अग्रवाल का नगला टीन में थर्माकोल का गोदाम है, जहां बड़े थर्माकोल ब्लॉकों को काटकर छोटे टुकड़ों में तैयार किया जाता है। शुक्रवार शाम करीब 7:30 बजे गोदाम में रखे थर्माकोल में अचानक आग लग गई। उस समय वहां छह मजदूर काम कर रहे थे। आग का पता चलते ही सभी मजदूर सुरक्षित बाहर निकल आए।

कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया धुआं

थर्माकोल अत्यधिक ज्वलनशील होने के कारण आग तेजी से फैल गई। आग की लपटें और काला धुआं कई किलोमीटर दूर से दिखाई दे रहा था। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। आग की लपटें आसपास के मकानों की छतों तक पहुंचने लगीं, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया।

दमकल की 5 गाड़ियों ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलते ही ताजगंज पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने लगातार प्रयास कर करीब 30 मिनट में आग पर काबू पा लिया। हालांकि तब तक गोदाम में रखा पूरा थर्माकोल जलकर राख हो चुका था।

आग लगने के कारणों की जांच जारी

स्थानीय लोगों का मानना है कि किसी जलती हुई बीड़ी या सिगरेट का ठूंठ गोदाम के पास फेंके जाने से आग लगी हो सकती है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी (CFO) देवेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया है। साथ ही गोदाम में उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों और अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments