फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले के शिकोहाबाद थाना क्षेत्र में शुक्रवार शाम एक सनसनीखेज मामला सामने आया। नगला प्रभु के पास नहर में एक युवक और एक विवाहिता का शव उतराता हुआ मिला। दोनों के हाथ एक ही दुपट्टे से बंधे हुए थे, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस शुरुआती जांच में इसे प्रेम प्रसंग से जुड़ी आत्महत्या का मामला मान रही है, हालांकि सभी पहलुओं पर जांच जारी है।
युवक की पहचान एटा निवासी जितेंद्र लोधी के रूप में हुई
पुलिस के मुताबिक मृत युवक की पहचान एटा जिले के अवागढ़ थाना क्षेत्र के सहनवा गांव निवासी जितेंद्र लोधी (25) के रूप में हुई है। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। परिजनों ने बताया कि 17 जून की सुबह वह रोज की तरह काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था। दिनभर उसकी अपने बड़े भाई रोहित से मोबाइल पर बातचीत होती रही, लेकिन बाद में उसका मोबाइल अचानक बंद हो गया। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू कर दी थी।
विवाहिता की पहचान अब तक नहीं, रहस्य बरकरार
युवक के साथ मिली महिला की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। महिला के पैरों में बिछिया होने से उसके शादीशुदा होने की पुष्टि हुई है। दोनों के हाथ जिस तरह दुपट्टे से बंधे मिले, उससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि दोनों के बीच गहरा प्रेम संबंध था। स्थानीय लोगों और पुलिस को आशंका है कि महिला के विवाहित होने के कारण दोनों का साथ रहना संभव नहीं था। इसी वजह से उन्होंने कथित तौर पर एक साथ जान देने जैसा कदम उठाया हो सकता है। हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
पोस्टमार्टम हाउस पर मचा कोहराम
शव मिलने की सूचना मिलते ही जितेंद्र के परिजन शिकोहाबाद पहुंचे और बाद में पोस्टमार्टम हाउस में शव की पहचान की। बेटे का शव देखकर परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस हर एंगल से कर रही जांच
सीओ टूंडला अमरीश कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग में आत्महत्या का प्रतीत होता है। महिला की पहचान के लिए एटा और फिरोजाबाद के सभी थानों को अलर्ट जारी कर दिया गया है। इसके अलावा पुलिस जितेंद्र की मोबाइल कॉल डिटेल और उसके संपर्कों की भी जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आखिर दोनों के बीच संबंध कब से थे और घटना के पीछे की वास्तविक वजह क्या है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामला वास्तव में आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और साजिश छिपी हुई है।


