35.8 C
Agra
Homeआगरा'सड़क ध्वस्त, अधिकारी मस्त': आगरा कैंट स्टेशन पर हिंदू महासभा का अनोखा...

‘सड़क ध्वस्त, अधिकारी मस्त’: आगरा कैंट स्टेशन पर हिंदू महासभा का अनोखा विरोध

आगरा कैंट स्टेशन के बाहर गड्ढों में बैठकर हिंदू महासभा का प्रदर्शन, सड़क मरम्मत की मांग

आगरा में गुरुवार सुबह आगरा कैंट रेलवे स्टेशन के मुख्य प्रवेश द्वार के बाहर सड़क की खराब स्थिति को लेकर हिंदू महासभा ने अनोखा विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में बैठ गए और प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर भी थाम रखे थे। पोस्टरों पर “सड़क ध्वस्त, अधिकारी मस्त, जनता पस्त” जैसे नारे लिखे थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि स्टेशन के बाहर लंबे समय से सड़क क्षतिग्रस्त है, लेकिन जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।

पर्यटकों और यात्रियों की सुरक्षा पर उठाए सवाल

हिंदू महासभा का कहना है कि आगरा कैंट रेलवे स्टेशन शहर का प्रमुख प्रवेश द्वार है, जहां से प्रतिदिन हजारों यात्री और देश-विदेश से आने वाले पर्यटक गुजरते हैं। स्टेशन के बाहर बने गहरे गड्ढों के कारण लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। संगठन ने चेतावनी दी कि मानसून के दौरान स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। बारिश के कारण गड्ढों में पानी भरने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाएगा और यात्रियों की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है।

मीरा राठौर ने प्रशासन पर साधा निशाना

हिंदू महासभा की जिला अध्यक्ष मीरा राठौर ने कहा कि ताजमहल देखने के लिए आने वाले पर्यटक शहर की पहली तस्वीर इसी सड़क के माध्यम से देखते हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि खराब सड़क की वजह से कई लोगों को पर्यटन स्थल पहुंचने से पहले अस्पताल का रास्ता देखना पड़ सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह सड़क विशेष रूप से खतरनाक साबित हो सकती है।

पुलिस और नगर निगम अधिकारी मौके पर पहुंचे

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने स्टेशन से बाहर निकलने वाले यात्रियों और पर्यटकों को गड्ढों से बचाते हुए सुरक्षित मार्ग से निकालने में भी मदद की। सड़क पर प्रदर्शन और हंगामे की सूचना मिलते ही जीआरपी और सदर बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाकर शांत कराया और नगर निगम अधिकारियों को भी मौके पर बुलाया। इसके बाद हिंदू महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत और गड्ढों को भरवाने की मांग की।

कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन की चेतावनी

संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत नहीं कराई गई तो जनहित में आगे भी आंदोलन जारी रखा जाएगा। प्रदर्शन में मीरा राठौर, निशा ठाकुर, बंटी देवी, मनीष पंडित, महानगर अध्यक्ष विशाल कुमार, विपिन राठौर, नितेश भारद्वाज, बबलू निषाद, केशव कुशवाह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments