पार्षदों के सवालों से घिरे अधिकारी, मेयर ने कहा- हर वार्ड में तुरंत भेजो 10 सफाईकर्मी
आगरा। नगर निगम कार्यकारिणी की बैठक में शहर की सफाई व्यवस्था प्रमुख मुद्दा रही। मेयर हेमलता दिवाकर की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पार्षदों ने विभिन्न वार्डों में सफाईकर्मियों की कमी को लेकर नाराजगी जताई। सदस्यों ने कहा कि 11 मई को नगर निगम सदन में लिए गए निर्णय के बावजूद अब तक प्रत्येक वार्ड में 10 सफाईकर्मियों की तैनाती नहीं की गई है। कार्यकारिणी सदस्य राकेश जैन ने इस विषय को प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए तय संख्या में कर्मचारियों की नियुक्ति जरूरी है। इस पर मेयर ने नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य को तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी वार्डों में सफाईकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कार्यकारिणी सदस्य गौरव शर्मा ने सेक्टर-14 और सेक्टर-15 के बीच नाले की ऊंचाई में अंतर के कारण जल निकासी प्रभावित होने का मुद्दा उठाया। उन्होंने बताया कि नाले का स्तर असमान होने से सेक्टर-15 में बैक फ्लो की समस्या पैदा हो रही है, जिससे क्षेत्रवासियों को जलभराव का सामना करना पड़ रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए मेयर ने नाले की सफाई और तकनीकी जांच कराने के निर्देश दिए।
सूरसदन चौराहे पर अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा लगाने का प्रस्ताव
बैठक में शहर के विकास और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी रखे गए। इनमें सूरसदन चौराहे पर लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापित करने का प्रस्ताव शामिल रहा। इसके अलावा लोहामंडी जोनल कार्यालय से परशुराम चौक जाने वाले मार्ग पर महाराजा अग्रसेन प्रवेश द्वार निर्माण का प्रस्ताव भी प्रस्तुत किया गया। साथ ही भगवान टॉकीज मेट्रो स्टेशन और खंदारी मेट्रो स्टेशन के नाम परिवर्तन संबंधी प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। सभी प्रस्तावों को आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों को भेजने के निर्देश दिए गए।
एमएनटी में डीजल पर्ची कटवाने की शिकायत पर कार्रवाई के निर्देश
बैठक के दौरान सदस्यों ने एमएनटी में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी से डीजल पर्ची कटवाने की शिकायत भी उठाई। इस पर मेयर ने मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
छह कार्यकारिणी सदस्यों को दी गई विदाई
कार्यकाल पूरा होने पर मेयर हेमलता दिवाकर ने उपसभापति अमित पटेल, आशीष सिंह, गौरव शर्मा, मीनाक्षी वर्मा, बंटी माहौर और मुरारीलाल गोयल को सम्मानपूर्वक विदाई दी। हालांकि पूर्व सूचना नहीं मिलने के कारण मुरारीलाल गोयल बैठक में उपस्थित नहीं हो सके। नगर निगम कार्यकारिणी के नए छह सदस्यों के चुनाव के लिए इस माह के अंत में नगर निगम सदन की बैठक आयोजित की जाएगी।


