13.8 C
Agra
Homeआगराबकाया बिल को लेकर चाचा-ताऊ के बेटों में हिंसक झड़प, युवक के...

बकाया बिल को लेकर चाचा-ताऊ के बेटों में हिंसक झड़प, युवक के टूटे दो दांत

60 हजार के बिजली बिल पर रिश्तेदारों में बवाल, आधे घंटे तक चला पथराव

आगरा के थाना लोहा मंडी क्षेत्र के तेलीपाड़ा इलाके में बिजली बिल के बकाया को लेकर रिश्तेदारों के बीच तनाव हिंसक झड़प में बदल गया। करीब 60 हजार रुपये के बिजली बिल को लेकर शुरू हुआ विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों में पहले मारपीट हुई और फिर पथराव होने लगा। आधे घंटे तक इलाके में ईंट-पत्थर चलते रहे, जिससे दहशत का माहौल बन गया।

घटना में फरीद नामक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके दो दांत टूट गए। फरीद का कहना है कि उसके पिता भूरा के नाम पर वर्षों पहले बिजली कनेक्शन लिया गया था, जिसका इस्तेमाल उसके ताऊ सुलेमान के परिवार द्वारा संचालित ब्रश फैक्ट्री में हो रहा है। लंबे समय से बिल जमा नहीं होने के कारण बिजली विभाग की ओर से नोटिस भी आ चुके हैं, लेकिन ताऊ पक्ष भुगतान करने को तैयार नहीं था। बुधवार सुबह जब फरीद ने बकाया राशि जमा करने की बात कही तो ताऊ के बेटों सलीम और जावेद समेत अन्य लोगों ने उस पर हमला कर दिया। परिवार के अन्य सदस्य बीच-बचाव करने पहुंचे तो उन पर भी पथराव कर दिया गया। हालात बिगड़ते देख पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद अतिरिक्त फोर्स मौके पर बुलानी पड़ी।

कुछ समय बाद दूसरा पक्ष भी थाने पहुंचा और एक किशोर के साथ मारपीट व चाकू से हमला करने का आरोप लगाया। हालांकि पुलिस जांच में चाकू से वार के स्पष्ट निशान नहीं मिले। मामले की जांच जारी है। एसीपी लोहा मंडी गौरव सिंह ने बताया कि क्षेत्र में फिलहाल स्थिति शांत है और शिकायत मिलने पर मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments