उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में एक साथ आत्महत्या करने वाली तीन नाबालिग बहनों के मामले में जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, पिता चेतन कुमार पर संदेह और गहराता जा रहा है। पुलिस को अब तक ऐसा कोई ठोस सबूत नहीं मिला है जिससे यह साबित हो सके कि बहनों की हत्या की गई या उन्हें जानबूझकर आत्महत्या के लिए उकसाया गया, लेकिन पिता के बयान बार-बार बदलने से मामला पेचीदा होता जा रहा है। जांच में सामने आया है कि चेतन कुमार की तीसरी पत्नी पहले उसकी कर्मचारी थी। काम के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और बाद में दोनों ने अरेंज मैरिज कर ली। इससे पहले ही यह स्पष्ट हो चुका है कि चेतन की तीन पत्नियां हैं और हैरान करने वाली बात यह है कि तीनों सगी बहनें हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, चेतन की एक लिव-इन पार्टनर ने वर्ष 2015 में साहिबाबाद थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर कॉलोनी स्थित एक फ्लैट की छत से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। अब तीन बहनों की मौत के बाद उस पुराने मामले को भी दोबारा संदर्भ में देखा जा रहा है।
फोन छीने जाने से शुरू हुआ तनाव
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि तीनों बहनें डिप्रेशन में थीं। पिता का कहना है कि उसने उनकी आंखें सूजी हुई देखीं और कोरियाई संस्कृति के प्रति अत्यधिक लगाव के कारण उनके मोबाइल फोन छीन लिए। इससे लड़कियां नाराज हो गई थीं। बताया जा रहा है कि बहनें अपनी मां का फोन लेकर गई थीं, लेकिन उसमें कोरियाई ऐप नहीं चल रहे थे। इसी वजह से वे और अधिक परेशान हो गईं। पुलिस अब मोबाइल फोन की ट्रैकिंग कर रही है ताकि फॉरेंसिक डेटा हासिल किया जा सके।
रात के घटनाक्रम पर विरोधाभास
घटना वाली रात को लेकर भी पिता के बयान बदले हैं। पहले उसने कहा कि घर में तीन बेडरूम होने के बावजूद पूरा परिवार एक ही कमरे में सोता था। बाद में उसने बताया कि लड़कियां अक्सर रात में दूसरे कमरे में चली जाती थीं। पुलिस जांच में सामने आया है कि उस रात चेतन अपनी तीसरी पत्नी टीना के साथ एक कमरे में था।
फॉरेंसिक जांच जारी
सुसाइड नोट की लिखावट, उंगलियों के निशान और संदेशों को फॉरेंसिक लैब भेजा गया है। साइबर क्राइम टीमें आईएमईआई नंबरों के जरिए मोबाइल फोन खरीदने वालों का पता लगाने की कोशिश कर रही हैं ताकि ऐप से जुड़ा डेटा निकाला जा सके। पुलिस के अनुसार, तीनों बहनें अपनी मां की तुलना में पिता के ज्यादा करीब थीं। शायद यही कारण है कि सुसाइड नोट में उन्होंने केवल अपने पिता को संबोधित किया और मां का जिक्र नहीं किया।
घटना का संक्षेप
4 फरवरी 2026 की रात निशिका (16), प्राची (14) और पाखी (12) ने भारत सिटी सोसाइटी की नौवीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली थी। फिलहाल मामला आत्महत्या मानकर जांच की जा रही है, लेकिन पिता से जुड़े नए खुलासों ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।


