गाजियाबाद के टीला मोड़ थाना क्षेत्र स्थित भारत सिटी सोसायटी से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। देर रात करीब दो बजे एक ही परिवार की तीन नाबालिग बहनों ने 9वीं मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, तीनों बहनें भारत सिटी सोसायटी के B-1 टॉवर के फ्लैट नंबर 907 में अपने परिवार के साथ रहती थीं। बताया जा रहा है कि रात के समय जब घर के सभी सदस्य सो रहे थे, तब तीनों बहनें बाहर निकलीं और प्लास्टिक की कुर्सी की मदद से 9वें फ्लोर से कूद गईं। मृतक बहनों की पहचान निशिका (16 वर्ष), प्राची (14 वर्ष) और पाखी (12 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें मोबाइल गेमिंग ऐप से जुड़ी परेशानी का जिक्र बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस नोट की सत्यता और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।
परिजनों का कहना है कि तीनों बच्चियां लंबे समय से ऑनलाइन गेमिंग की आदी थीं और परिवार इस आदत को लेकर चिंतित रहता था। माता-पिता उन्हें बार-बार खेलने से रोकते थे, जिससे घर में तनाव की स्थिति बनी रहती थी। पुलिस के अनुसार, यह मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई और कारण है, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।


