आगरा के सदर थाना क्षेत्र में 36 वर्षीय महिला की हत्या का मामला सामने आया है, जिसमें गांव के ही एक कारपेंटर को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान कर मंगलवार को पूरे हत्याकांड का खुलासा किया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी महिला के पास शराब पीने के लिए गया था। दोनों के बीच कहासुनी हो गई, जिसके बाद उसने महिला को सीढ़ियों से धक्का दे दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के बावजूद उसे लगा कि महिला बच सकती है, इसलिए उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने करीब पांच मिनट तक गला दबाए रखा, जिससे महिला की सांसें थम गईं।
महिला पिछले दस वर्षों से अपने दो बच्चों के साथ सदर क्षेत्र में रह रही थी। रविवार रात वह घर के बाहर अलाव जलाकर बैठी थी, इसके बाद अचानक लापता हो गई। सोमवार सुबह उसका शव घर से लगभग 50 मीटर दूर एक दुकान की सीढ़ियों पर मिला। सिर में चोट के निशान थे और कपड़े अस्त-व्यस्त थे, जिससे शुरुआत में दुष्कर्म की आशंका भी जताई गई थी। पुलिस ने डॉक्टरों के पैनल से पोस्टमार्टम कराया।
इमरान अहमद ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में महिला के साथ गांव का राजेश दिखाई दिया। पूछताछ में पहले उसने कहा कि महिला सीढ़ियों से गिर गई थी और उसे मरा समझकर वह भाग गया। लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाकर हत्या की पुष्टि होने के बाद जब सख्ती से पूछताछ की गई तो उसने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस के मुताबिक आरोपी और महिला के बीच पहले से जान-पहचान थी। घटना की रात दोनों ने शराब पी थी और विवाद बढ़ने पर आरोपी ने वारदात को अंजाम दिया। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


