20.4 C
Agra
Homeउत्तर प्रदेशउत्तर प्रदेश में मौसम का बदला मिजाज: बारिश, तेज हवाएं और 21...

उत्तर प्रदेश में मौसम का बदला मिजाज: बारिश, तेज हवाएं और 21 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट

उत्तर प्रदेश में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण मौसम ने मंगलवार को भी अपना असर दिखाया। पश्चिमी हिस्सों से शुरू हुई बारिश बुंदेलखंड, मध्य और अवध क्षेत्र तक फैल गई। तड़के बुंदेलखंड के हमीरपुर, महोबा, चित्रकूट, झांसी और ललितपुर में हल्की से मध्यम वर्षा हुई, जबकि कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, अयोध्या और रायबरेली में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।

तेज हवाओं ने बढ़ाई ठंडक
राजधानी समेत अवध के कई जिलों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलीं, जिससे ठंड का एहसास बढ़ गया। उन्नाव, चित्रकूट, हरदोई और इटावा में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की भी सूचना है।

21 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए बुंदेलखंड और प्रयागराज मंडल सहित प्रदेश के 21 जिलों में घने कोहरे का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालांकि बुधवार से मौसम के शुष्क रहने की संभावना जताई गई है। वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, बुधवार से पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ जाएगा, जिससे बारिश की गतिविधियां कम होंगी। हालांकि तराई और आसपास के इलाकों में सुबह के समय कोहरा बना रह सकता है और कुछ जिलों में ओले पड़ने की आशंका भी है।

बारिश के आंकड़े और तापमान स्थिति
मंगलवार को हमीरपुर में सबसे अधिक 9 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि जालौन में 7.2 मिमी और लखनऊ में 7 मिमी वर्षा हुई। अलीगढ़, आगरा, बरेली और गोरखपुर में घने कोहरे के कारण दृश्यता बेहद कम रही। 26.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान के साथ वाराणसी और गाजीपुर सबसे गर्म रहे, जबकि 9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमान के साथ बुलंदशहर सबसे ठंडा जिला रहा।

सुबह होते ही छा गया अंधेरा
राजधानी में मंगलवार सुबह नौ बजे के बाद अचानक घने बादल छा गए और दिन में ही रात जैसा माहौल बन गया। तेज हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश शुरू हो गई, जिससे सड़कों पर चल रहे लोग रुकने को मजबूर हो गए। स्कूल, दफ्तर और रोजमर्रा के कामों के लिए निकले लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बारिश के कारण अधिकतम तापमान में करीब 6 डिग्री की गिरावट आई। दिन का अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 14.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में दिन का मौसम सामान्य रहेगा, लेकिन रात में हल्की ठंड बढ़ सकती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments