शाहजहांपुर में रिश्तों का कत्ल: पत्नी ने भांजे के साथ रची पति की हत्या की साजिश
प्यार का जुनून बना कत्ल की वजह, पत्नी और भांजा गिरफ्तार

यूपी के शाहजहांपुर जिले के पुवायां क्षेत्र में अवैध संबंधों के चलते एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। आरोप है कि पत्नी ने अपने भांजे के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची और वारदात को अंजाम दिया। पुलिस पूछताछ में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, महिला का अपने भांजे के साथ करीब एक साल से प्रेम संबंध चल रहा था। इस दौरान वह तीन बार उसके साथ घर छोड़कर जा चुकी थी, लेकिन हर बार पंचायत और परिवार के समझाने पर वापस लौट आई। बताया जा रहा है कि वह एक बार गर्भवती भी हुई थी, जिसके बाद गर्भपात कराया गया।

पुलिस के अनुसार, घटना वाली रात महिला का पति घर के बरामदे में सो रहा था। आरोप है कि रात करीब 12 बजे भांजा अपने दो साथियों के साथ घर में घुसा। महिला ने पति के पैर पकड़ लिए, जबकि अन्य लोगों ने उसके हाथ थामे और भांजे ने चाकू से गला रेत दिया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। हिरासत में ली गई पत्नी ने पूछताछ के दौरान कई बार अपने बयान बदले। कभी उसने खुद को मजबूर बताया तो कभी पूरे आरोप भांजे पर डालने की कोशिश की। हालांकि पुलिस का कहना है कि महिला की भूमिका संदिग्ध है और जांच जारी है।
हत्या के बाद महिला पूरी रात शव के पास बैठी रही और सुबह परिजनों को जानकारी दी। मृतक मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। वहीं, मुख्य आरोपी भांजा पुताई का काम करता है और गांव में उसकी छवि सामान्य बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में एक अन्य व्यक्ति को भी हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


