वृंदावन में बालिका संरक्षण गृह से भागीं पांच किशोरियां, दो घर पहुंचीं
वृंदावन में राजकीय बालिका संरक्षण गृह से पांच नाबालिग लड़कियों के फरार होने की घटना से हड़कंप मच गया। सोमवार देर रात हुई इस घटना के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित पुलिस बल मौके पर पहुंचा और जांच के साथ-साथ तलाश अभियान शुरू किया गया। चैतन्य विहार कॉलोनी स्थित राजकीय बालिका संरक्षण गृह की अधीक्षिका गायत्री मिश्रा ने पुलिस को बताया कि संरक्षण गृह में रह रही 14 से 17 वर्ष की आयु की पांच लड़कियां अचानक लापता हो गईं। हैरानी की बात यह रही कि सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा गार्ड की मौजूदगी के बावजूद लड़कियां बाहर निकलने में सफल रहीं।
सीसीटीवी फुटेज की जांच में सामने आया है कि लड़कियां कंबल ओढ़कर संरक्षण गृह से बाहर जाती हुई दिखाई दे रही हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी श्लोक कुमार प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मौके पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस के अनुसार, फरार हुई पांच में से दो लड़कियां अपने-अपने घर सुरक्षित पहुंच चुकी हैं, जबकि तीन लड़कियों का अब तक कोई सुराग नहीं लग पाया है। पुलिस टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और उनकी तलाश जारी है।


