17.5 C
Agra
Homeआगराएक भटूरा बना आग का कारण! आगरा में बड़ा हादसा टला

एक भटूरा बना आग का कारण! आगरा में बड़ा हादसा टला

सत्तो लाला फूड कोर्ट में भीषण आग, 40 से ज्यादा लोग बाल-बाल बचे

आगरा में रविवार रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। आगरा के शाहगंज थाना क्षेत्र में कोठी मीना बाजार स्थित सत्तो लाला फूड कोर्ट में अचानक भीषण आग भड़क उठी। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरा रेस्तरां इसकी चपेट में आ गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रात करीब 7:45 बजे भटूरे तलने के लिए गर्म तेल की कढ़ाही में जैसे ही भटूरा डाला गया, तेज लपटें उठने लगीं। आग ऊपर लगी चिमनी तक पहुंच गई, जो लंबे समय से साफ नहीं हुई थी। देखते ही देखते चिमनी ने आग पकड़ ली और लपटें टिनशेड तक फैल गईं।

रेस्तरां में उस समय करीब 15 ग्राहक मौजूद थे, जबकि 25 से अधिक कारीगर और कर्मचारी काम कर रहे थे। आग की लपटें देख सभी लोग जान बचाकर बाहर की ओर भागे। इसी दौरान रेस्तरां की पहली मंजिल पर रह रहे संचालक के परिवार को भी खतरा पैदा हो गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और फंसे परिजनों को सुरक्षित बाहर निकाला। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक रेस्तरां का फर्नीचर, काउंटर और अन्य सामान जलकर खाक हो चुका था। प्रारंभिक आकलन में 50 लाख रुपये से अधिक के नुकसान की बात सामने आई है।

आग का असर आसपास भी दिखा। रेस्तरां के पास स्थित HDFC बैंक की शाखा और एटीएम तक लपटें पहुंच गईं। एटीएम केबिन का शीशा टूट गया और बाहर लगे एसी के आउटर जल गए। बैंक बंद होने के कारण बड़ा नुकसान होने से बच गया, हालांकि अंदर धुआं भर गया था। घटना के वक्त रेस्तरां में करीब नौ गैस सिलिंडर रखे थे। कर्मचारियों ने जोखिम उठाकर कुछ सिलिंडर बाहर निकाले, जबकि बाकी को दमकलकर्मियों ने सुरक्षित बाहर किया। आग के कारण इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस को कुछ देर के लिए यातायात रोकना पड़ा। रेस्तरां के काउंटर और दरवाजों पर लगे शीशे आग की गर्मी से धमाके के साथ फूटते रहे, जिससे आसपास के लोग दहशत में आ गए। गनीमत रही कि समय रहते सभी को बाहर निकाल लिया गया और कोई जनहानि नहीं हुई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments