खंदौली में दर्दनाक सड़क हादसा, डंपर की टक्कर से ऑटो चालक की गई जान
आगरा के खंदौली थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मुड़ी रोड पर तेज रफ्तार से आ रहे एक डंपर ने सामने से आ रहे ऑटो और एक कार को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में ऑटो चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार व्यक्ति घायल हो गया। हादसा सुबह करीब नौ बजे हुआ। मृतक की पहचान खंदौली निवासी 40 वर्षीय मौसिम के रूप में हुई है, जो पेशे से ऑटो चालक था। पुलिस के मुताबिक, मौसिम सवारियों को छोड़ने के बाद ऑटो लेकर वापस खंदौली लौट रहा था। इसी दौरान मुड़ी रोड पर तेज गति से आ रहे डंपर ने नियंत्रण खोते हुए पहले ऑटो और फिर कार को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ऑटो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक को संभलने का मौका तक नहीं मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन लेकर फरार होने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। थाना प्रभारी ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच जारी है। शुरुआती जांच में डंपर चालक की तेज रफ्तार और लापरवाही सामने आई है। राहत की बात यह रही कि ऑटो में उस समय कोई सवारी मौजूद नहीं थी, वरना जानमाल का नुकसान और अधिक हो सकता था।


