सहपऊ क्षेत्र में नवविवाहिता की मौत से सनसनी, मायके वालों ने लगाया दहेज हत्या का आरोप
सहपऊ क्षेत्र के गांव गढ़ी रुस्तम में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव कमरे के भीतर दुपट्टे के सहारे फंदे से लटका मिला। मृतका की शादी को महज दो महीने ही हुए थे। जानकारी के अनुसार, गढ़ी रुस्तम निवासी एहसान खान का निकाह करीब दो माह पूर्व बुलंदशहर जिले के थाना गुलावठी क्षेत्र के गांव भंवरा निवासी कौशल खान की 20 वर्षीय बेटी जास्मीन से हुआ था। परिजनों का कहना है कि 24 जनवरी की सुबह जास्मीन ने अपनी बहन से फोन पर बात की थी, जबकि इससे एक रात पहले उसने अपने पिता से भी बातचीत की थी।
24 जनवरी की सुबह लगभग 10 बजे मृतका की बहन को फोन पर सूचना मिली कि जास्मीन की मौत हो गई है। खबर मिलते ही मायके पक्ष के लोग दोपहर बाद गढ़ी रुस्तम पहुंचे, जहां उन्हें बताया गया कि ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हो चुके हैं। मायके वालों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के परिजनों ने ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
इस संबंध में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभी तक कोतवाली में कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का। शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


