डिजिटल शिक्षा की ओर कदम: आगरा के स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड और आईसीटी लैब स्थापित
आगरा जिले के परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चे अब डिजिटल तकनीक के माध्यम से आधुनिक शिक्षा से जुड़ रहे हैं। समग्र शिक्षा और पीएम श्री योजना के तहत राष्ट्रीय शिक्षा नीति–2020 के अनुरूप जिले के 427 परिषदीय स्कूलों में स्मार्ट बोर्ड लगाए गए हैं। इसके साथ ही 56 विद्यालयों में आईसीटी लैब भी विकसित की गई है, जहां विद्यार्थियों के लिए दो से लेकर 12 तक कंप्यूटर उपलब्ध कराए गए हैं।
डायट आगरा के प्राचार्य अनिरुद्ध यादव ने जानकारी दी कि इन डिजिटल संसाधनों का सही और प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करने के लिए शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत प्रत्येक विद्यालय से दो शिक्षकों को स्मार्ट बोर्ड और कंप्यूटर संचालन का दो दिवसीय प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनर तेजेंद्र सिंह और अजय कुमार शर्मा ने शिक्षकों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, उससे जुड़ी सावधानियों तथा डिजिटल लाइब्रेरी के उपयोग की विस्तृत जानकारी दी। वहीं प्रशिक्षक जितेंद्र सिंह, जयकांत और अनिल कुमार ने स्मार्ट बोर्ड के तकनीकी संचालन की बारीकियां समझाईं।
प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. मनोज कुमार वार्ष्णेय ने बताया कि विज्ञान विषय की पुस्तकों में शामिल कंप्यूटर आधारित पाठों के अनुरूप डिजिटल लाइब्रेरी के नियमित प्रयोग पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि फरवरी के दूसरे सप्ताह तक सभी चयनित शिक्षकों का प्रशिक्षण पूरा कर लिया जाएगा। प्रथम चरण में 100 शिक्षकों को सफलतापूर्वक प्रशिक्षण पूर्ण करने पर प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। इस कार्यक्रम को सफल बनाने में प्रवक्ता अनिल कुमार, यशवीर सिंह, कल्पना सिन्हा और हिमांशु सिंह का विशेष सहयोग रहा।


