प्रेमिका के साथ शादी कर बेंगलुरु में बसने की चाहत ने एक फैक्टरी सुपरवाइजर को करोड़ों की चोरी का मास्टरमाइंड बना दिया। सिकंदरा क्षेत्र स्थित रोजर शू इंडस्ट्रीज में हुई इस सनसनीखेज चोरी का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा करते हुए सुपरवाइजर, उसके सगे भाई और दोस्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 66 लाख रुपये नकद, करीब 7.7 करोड़ रुपये कीमत के सोने-हीरे के जेवरात और भारी मात्रा में चांदी के बर्तन बरामद किए हैं। यह कमिश्नरेट क्षेत्र में किसी चोरी के मामले में अब तक की सबसे बड़ी रिकवरी मानी जा रही है।
छत के रास्ते घुसे चोर, अंदर का आदमी निकला मास्टरमाइंड
18 जनवरी की रात रोजर शू इंडस्ट्रीज में चोर छत के रास्ते दाखिल हुए और पहली मंज़िल पर स्थित फैक्टरी संचालक के ऑफिस में बने लॉकर को निशाना बनाया। अगले दिन फैक्टरी मालिक दीपक बुद्धिराजा ने थाने में एफआईआर दर्ज कराई। शुरुआत में उन्होंने चोरी गए सामान का पूरा विवरण नहीं दिया, लेकिन बाद में 54 लाख रुपये नकद और पत्नी के कीमती जेवर चोरी होने की जानकारी दी। सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक चोर की पहचान फैक्टरी के ही सुपरवाइजर अनुपम शर्मा के रूप में हुई। पूछताछ में अनुपम टूट गया और उसने चोरी की साजिश कबूल कर ली। उसकी निशानदेही पर पहले चरण में 66.33 लाख रुपये बरामद हुए।
प्रेमिका तक पहुंची जांच, फिर खुला राज़
जब जेवरात बरामद नहीं हुए तो पुलिस आयुक्त के निर्देश पर विशेष टीम बनाई गई। मोबाइल लोकेशन, कॉल डिटेल और गूगल रूट मैप की मदद से जांच आगे बढ़ी, जिसमें अनुपम की प्रेमिका का सुराग मिला। पुलिस की सख्ती और प्रेमिका को जेल भेजने की चेतावनी के बाद अनुपम ने पूरी सच्चाई उगल दी। उसने बताया कि चोरी में उसका भाई अनुराग और दोस्त संजय सिंह भी शामिल थे। जेवरात उसने जंगल में गड्ढा खोदकर जमीन में छिपा दिए थे। पुलिस ने वीडियोग्राफी के साथ खुदाई कराकर सभी गहने बरामद कर लिए।
फैक्टरी को समझा था सबसे सुरक्षित ठिकाना
पुलिस के मुताबिक बरामद सामान में 3.8 किलो सोने-हीरे के जेवर और 5.5 किलो चांदी शामिल है। फैक्टरी मालिक ने बताया कि घर की मरम्मत के चलते उन्होंने नकदी और जेवर फैक्टरी के लॉकर में रखे थे, जिसे वे सबसे सुरक्षित मानते थे।
लग्ज़री ज़िंदगी का सपना बना अपराध की वजह
चार साल से फैक्टरी में काम कर रहा अनुपम पहले से ही मालिक की गतिविधियों पर नज़र रख रहा था। प्रेमिका सोशल मीडिया इंफ्लुएंसर है और आलीशान जीवन चाहती थी। इसी सपने को पूरा करने के लिए अनुपम ने चोरी की पूरी प्लानिंग की। वह जेल से छूटने के बाद अमीर बनने की सोच रहा था, इसलिए जेवरात जमीन में छिपाकर रखे थे।


