आगरा। आगरा विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को अवैध कॉलोनियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए दो स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की। बिना स्वीकृत मानचित्र के विकसित की जा रही कॉलोनियों में प्लॉटों की बिक्री की शिकायतों के बाद यह कदम उठाया गया। प्रवर्तन अभियान के तहत सेवला सराय क्षेत्र में खत्ता कॉलोनी स्थित देवालय स्कूल के पास अजय चाहर की लगभग 2000 वर्ग मीटर भूमि पर बनाई जा रही गेटबंद अवैध कॉलोनी को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। इसके बाद टीम ताजगंज वार्ड के मौजा रोहता पहुंची, जहां करीब 10 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में विकसित हो रही अवैध कॉलोनी विनायक वाटिका पर कार्रवाई की गई।
यह कॉलोनी विजय अग्रवाल, अनिल अग्रवाल, संजय अग्रवाल, राम लखन और हरिओम द्वारा संयुक्त रूप से विकसित की जा रही थी, जहां बिना अनुमति भूखंडों का विन्यास कर बिक्री की जा रही थी। प्राधिकरण ने नगर योजना एवं विकास अधिनियम-1973 की धारा 27 के तहत ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली ने स्पष्ट किया कि शहर में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कठोर कदम उठाए जाएंगे।


