नशे में हैवान बना युवक, मां-पत्नी की बेरहमी से हत्या से दहला कुशीनगर
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत परसा गांव में सोमवार सुबह एक ऐसा दिल दहला देने वाला मामला सामने आया, जिसने पूरे इलाके को सन्न कर दिया। 30 वर्षीय युवक सिकंदर ने पारिवारिक विवाद के चलते अपनी पत्नी और मां की पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। घटना के बाद उसका व्यवहार इतना असामान्य और भयावह था कि ग्रामीणों के रोंगटे खड़े हो गए।

सुबह छत पर हुआ विवाद, पल भर में उजड़ गया परिवार
सोमवार सुबह रोज़ की तरह सिकंदर की पत्नी प्रियंका (28) और मां रूना देवी (60) घर की छत पर अलाव के पास बैठी थीं। इसी दौरान नशे की हालत में सिकंदर वहां पहुंचा। पत्नी द्वारा शराब पीने का विरोध किए जाने पर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में आकर सिकंदर ने छत पर पड़े पत्थर के टुकड़े से पीछे से पत्नी के सिर पर वार कर दिया। जब मां रूना देवी बीच-बचाव के लिए आगे आईं तो सिकंदर ने उन पर भी उसी पत्थर से हमला कर दिया। इसके बाद उसने दोनों के सिर को बेरहमी से कुचल दिया, जिससे मौके पर ही मां और पत्नी की मौत हो गई।
डेढ़ घंटे तक छत पर मचा रहा तांडव
बताया जा रहा है कि घटना के बाद करीब डेढ़ घंटे तक सिकंदर छत पर ही मौजूद रहा। हैरानी की बात यह रही कि इस दौरान पड़ोसियों को हत्या की भनक तक नहीं लगी। बाद में जब छत से कुछ संदिग्ध चीजें नीचे सड़क पर फेंकी जाने लगीं तो ग्रामीणों को शक हुआ।

मांस फेंकने की घटना से खुला राज
करीब साढ़े नौ बजे कुछ लोगों ने घर के पास सड़क पर मांस के टुकड़े देखे। जब लोगों ने आवाज लगाई और कोई जवाब नहीं मिला तो कुछ युवक छत पर चढ़ने लगे। इस पर सिकंदर ने ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आरोपी को काबू में किया। उसके हाथ खून से सने थे और चेहरा पूरी तरह भावशून्य था। पुलिस उसे थाने ले जाते समय भी वह आक्रामक बना रहा। हालांकि पुलिस ने शव से मांस खाने की बात की पुष्टि नहीं की है।
नशे की लत और संतान न होना बना तनाव की वजह
ग्रामीणों के अनुसार, सिकंदर नशे का आदी था और उसका कोई स्थायी रोजगार भी नहीं था। शादी के चार साल बाद भी संतान न होने को लेकर परिवार में लगातार तनाव बना रहता था। मां रूना देवी इस बात से बेहद परेशान रहती थीं और बहू की गोद भरने के लिए झाड़-फूंक व मंदिरों के चक्कर काटती थीं। इन्हीं कारणों से घर में अक्सर कलह होती रहती थी।
पुलिस कार्रवाई
पुलिस ने आरोपी की बहन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। हत्या में प्रयुक्त पत्थर को जब्त कर लिया गया है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एसपी कुशीनगर के अनुसार, प्रारंभिक जांच में घटना का कारण पारिवारिक विवाद और नशे की हालत में किया गया हमला सामने आया है। मामले की गहन जांच की जा रही है।


