आगरा। कमलानगर इलाके में नगर निगम ने शुक्रवार को अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए कावेरी कुंज फेज–टू और शुभम विहार फेज–टू में अवैध कब्जों को हटाया। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी किया, लेकिन नगर निगम का दस्ता अपने अभियान पर डटा रहा।
कावेरी कुंज फेज–टू में एक आवास के सामने फुटपाथ पर जाली लगाकर रास्ता घेर लिया गया था, जिससे राहगीरों को आने-जाने में दिक्कत हो रही थी। स्थानीय निवासियों की शिकायत पर नगर निगम की टीम मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की मदद से अतिक्रमण को पूरी तरह हटवा दिया।
इसके बाद शुभम विहार फेज–टू में सार्वजनिक नाली को बंद कर किए गए पक्के निर्माण को भी तोड़ दिया गया। नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक भूमि पर कब्जा करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी तरह की कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।


