बाराबंकी में दिल दहला देने वाला हादसा—सीएनजी सिलेंडर फटते ही कार बना आग का गोला

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में बुधवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। हैदरगढ़ क्षेत्र के डीह गांव के पास पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दो कारों की भिड़ंत के बाद ऐसा भयानक विस्फोट हुआ कि देखते ही देखते दोनों गाड़ियां आग के भयंकर गोले में बदल गईं। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
लखनऊ आते समय परिवार पर टूटा कहर
जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ में तैनात वाराणसी निवासी सिपाही जावेद अशरफ की पत्नी गुलिस्ता (49), बेटियां समरीन (22), इल्मा (12), इश्मा (6) और बेटा जियान (10) लखनऊ जा रहे थे। कार जावेद के साले जिशान (30) चला रहे थे। रास्ते में कार को थोड़ी देर के लिए रोककर परिवार पानी पी रहा था। इसी दौरान आजमगढ़ की दिशा से तेज रफ्तार ब्रेज़ा कार आकर वैगनआर में जोरदार तरीके से भिड़ गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैगनआर का सीएनजी सिलिंडर फट गया और दोनों कारों में आग फैल गई। यूपीडा की टीम और ग्रामीण तुरंत मदद के लिए दौड़े लेकिन आग इतनी तेज थी कि कोई पास नहीं जा पा रहा था।

शव दूर तक जाकर गिरे, अंदर फंसे तीन बच्चे जिंदा बाहर न निकल सके
धमाके के बाद गुलिस्ता और उनके बेटे जियान के शव सड़क से कई मीटर दूर मिले। बाकी तीनों बच्चियाँ कार के अंदर ही फंस गईं और जलने से उनकी मौत हो गई। कार से किसी तरह बाहर निकाले गए जिशान की हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। दूसरी कार में सवार दिल्ली के दक्षिणपुरी निवासी दीपांशु मिश्रा (24), दीप्ति (16), तृप्ति (17) और प्रगति (23) भी गंभीर रूप से घायल हैं। सभी घायलों को लखनऊ के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

“10 सेकंड में सब खत्म हो गया…”—आंखों देखें हालात
घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि एक जोरदार धमाका हुआ, फिर लगभग 10 सेकंड तक चीखें सुनाई देती रहीं। उसके बाद दोनों कारें आग के गोले में बदल गईं। कई लोग कंटीले तार पार कर भागते हुए मौके पर पहुंचे, लेकिन आग की तीव्रता ने मदद करना असंभव बना दिया। ग्रामीणों के अनुसार, हादसे के लगभग 20 मिनट बाद यूपीडा की टीम और करीब 40 मिनट बाद पुलिस मौके पर पहुंची। तब तक दोनों कारें पूरी तरह जल चुकी थीं। डीएम शशांक त्रिपाठी और एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच के आदेश दिए हैं। शुरुआती आशंका है कि सीएनजी सिलेंडर फटने से आग लगी, जिसकी पुष्टि विशेषज्ञों की टीम करेगी।


