शासन ने विकास कार्यों के लिए 12 करोड़ रुपये की दी मंजूरी
बरेली जिले में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में जिले के छह ऐतिहासिक और प्रसिद्ध मंदिरों के विकास के लिए पर्यटन विभाग को कुल 11.98 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। इन परियोजनाओं के लिए जल्द एजेंसियों का चयन किया जाएगा, जिसके बाद जनवरी-फरवरी 2026 से निर्माण कार्य शुरू होने की संभावना है। इन विकास योजनाओं से मंदिर परिसरों में आधुनिक सुविधाएं बढ़ेंगी, श्रद्धालुओं की सहूलियत में इजाफा होगा और बरेली को पर्यटन मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी।

इन मंदिरों का होगा कायाकल्प
बड़ा बाग हनुमान मंदिर
यहां बहुउद्देशीय हॉल, धर्मशाला, मुख्य प्रवेश द्वार, परिक्रमा पथ और आकर्षक लाइटिंग व्यवस्था बनाई जाएगी। इसके लिए 355.54 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है।
रामजानकी मंदिर, राजेंद्रनगर
मंदिर परिसर में मल्टीपरपज हॉल, भव्य मुख्य द्वार, पाथ-वे और हरित उद्यान विकसित किए जाएंगे। इस परियोजना पर 296.63 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।
ठाकुर जी मंदिर, मीरगंज
मल्टीपरपज हॉल, धर्मशाला और उद्यान निर्माण के लिए 106.44 लाख रुपये का बजट तय किया गया है।
पहलऊनाथ शिव मंदिर, फरीदपुर
यहां संत विश्राम गृह, मल्टीपरपज हॉल, पाथ-वे और उद्यान का निर्माण प्रस्तावित है। शासन ने इसके लिए 103.05 लाख रुपये जारी किए हैं।
अहिच्छत्र, आंवला तहसील
ऐतिहासिक क्षेत्र अहिच्छत्र में यात्री विश्राम गृह, अतिरिक्त विकास कार्य और उद्यान संवर्धन किया जाएगा। इसके लिए 213.40 लाख रुपये स्वीकृत हुए हैं।
सिरोही शिव मंदिर, आलमपुर जाफराबाद
मल्टीपरपज हॉल, यात्री विश्राम गृह और पाथ-वे जैसे कार्यों के लिए 106.22 लाख रुपये का बजट मंजूर किया गया है।
जल्द शुरू होंगे काम
क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी रविंद्र कुमार ने बताया कि पर्यटन को सशक्त बनाने के उद्देश्य से इन परियोजनाओं के प्रस्ताव भेजे गए थे, जिन पर शासन से स्वीकृति मिल चुकी है। जल्द ही निर्माण एजेंसियों का चयन कर विकास कार्य शुरू कराए जाएंगे। इन योजनाओं से धार्मिक पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय रोजगार को भी गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।


