चीन के हेनान प्रांत से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पशु प्रेमियों और सोशल मीडिया यूजर्स को झकझोर कर रख दिया है। सोशल मीडिया पर 15 लाख से अधिक फॉलोअर्स रखने वाले मशहूर पालतू कुत्ते ‘चुटौ’ (Chutou) की चोरी के बाद हत्या कर दी गई। आरोप है कि चोरों ने उसे महज 180 युआन (करीब 2,300 रुपये) में एक डॉग मीट रेस्टोरेंट को बेच दिया, जहां उसे मारकर उसका मांस ग्राहकों को परोस दिया गया।
सोशल मीडिया स्टार था चुटौ
बॉर्डर कॉली नस्ल का चुटौ चीन के ट्रैवल इन्फ्लुएंसर गुओ का बेहद लोकप्रिय पालतू कुत्ता था। गुओ अपनी यात्राओं के दौरान चुटौ को साथ लेकर जाते थे और दोनों के वीडियो व तस्वीरें सोशल मीडिया पर लाखों लोगों द्वारा पसंद किए जाते थे। इसी वजह से चुटौ इंटरनेट पर एक सेलिब्रिटी डॉग के रूप में जाना जाता था।
रोड ट्रिप के दौरान हुआ गायब
रिपोर्ट के मुताबिक, 11 मई को गुओ जॉर्जिया में रोड ट्रिप पर थे। इस दौरान चुटौ उनके माता-पिता के पास हेनान स्थित घर में रह रहा था। अचानक कुत्ता लापता हो गया। बाद में सीसीटीवी फुटेज में दो लोगों को उसे बाइक पर ले जाते हुए देखा गया। घटना की जानकारी मिलते ही गुओ ने अपनी यात्रा बीच में छोड़ दी और तुरंत घर लौट आए।
तलाश के बाद सामने आई दिल दहला देने वाली सच्चाई
कई दिनों तक तलाश करने के बाद गुओ को पता चला कि चुटौ को चोरी करने वाले लोगों ने उसे एक डॉग मीट कारोबारी को बेच दिया था। वहां से उसे एक रेस्टोरेंट पहुंचाया गया, जहां उसकी हत्या कर दी गई। जब गुओ किसी निशानी की उम्मीद लेकर रेस्टोरेंट पहुंचे तो उन्हें बताया गया कि कुत्ते के बाल और अन्य अवशेष भी पहले ही फेंके जा चुके हैं।
सोशल मीडिया पर फूटा लोगों का गुस्सा
चुटौ की मौत की खबर सामने आते ही सोशल मीडिया पर आक्रोश की लहर दौड़ गई। हजारों यूजर्स ने इस घटना को बेजुबान जानवर के साथ क्रूरता की पराकाष्ठा बताया और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। कई लोगों ने पालतू जानवरों के अधिकारों और उनकी कानूनी सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठाए।
पशु सुरक्षा कानूनों पर फिर छिड़ी बहस
इस घटना के बाद चीन में पालतू जानवरों की सुरक्षा को लेकर नई बहस शुरू हो गई है। पशु अधिकार कार्यकर्ता मांग कर रहे हैं कि पालतू जानवरों को केवल संपत्ति नहीं, बल्कि परिवार के सदस्य का दर्जा दिया जाए और उनके खिलाफ होने वाले अपराधों के लिए कड़े कानून बनाए जाएं।


