हिसार: हरियाणा के हिसार जिले से गुरुवार को सनसनीखेज वारदात सामने आई है। हिसार कोर्ट परिसर के मुख्य गेट के बाहर गैंगस्टर विनोद पानू उर्फ काणा की गोली मारकर हत्या कर दी गई। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हमलावरों ने करीब 12 राउंड फायरिंग की। घटना के बाद कोर्ट परिसर और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि विनोद पानू किसी मामले में कोर्ट में पेशी के लिए आया था। इसी दौरान कोर्ट गेट के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने उस पर अचानक गोलियां बरसा दीं। हमले में विनोद गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
हिसार का मोस्ट वांटेड बताया जाता था विनोद पानू
विनोद पानू उर्फ काणा का नाम हिसार और आसपास के इलाकों में अपराध की कई बड़ी वारदातों से जुड़ा रहा है। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, उसके खिलाफ हत्या समेत करीब 40 आपराधिक मामले दर्ज थे। बताया जाता है कि विनोद पानू पर विधायक सावित्री जिंदल के पीए के भतीजे की हत्या का भी आरोप रहा था। इसी वजह से वह पुलिस के लिए लंबे समय से वांछित अपराधियों में शामिल बताया जाता था।
कोर्ट के बाहर 2 से 3 मिनट तक हुई फायरिंग
मौके पर मौजूद अधिवक्ता दीपांशु कडवासरा ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि पहले एक गोली चलने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद जब वह कोर्ट से बाहर आए तो विनोद जमीन पर गिरा हुआ दिखाई दिया। वकील के मुताबिक, हमलावर ने विनोद के नीचे गिरने के बाद भी उस पर कई गोलियां चलाईं। इसके बाद आरोपी ने वकीलों की पार्किंग की ओर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार, घटना के दौरान विनोद के साथ करीब 3-4 लोग मौजूद थे। बताया गया कि गुरुवार को उसकी कोर्ट में तारीख थी और मामले में फैसला भी आना था। कोर्ट से राहत मिलने के बाद वह अपने साथियों के साथ बाहर निकल रहा था, तभी फायरिंग शुरू हो गई। वकील ने बताया कि वारदात में करीब तीन हमलावर शामिल थे और लगभग 2 से 3 मिनट तक गोलियां चलने की बात सामने आई है।
पुलिस ने एक आरोपी को पकड़ा
फायरिंग के बाद आरोपी ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि हत्या के पीछे पुरानी गैंगवार, आपसी रंजिश या किसी अन्य वजह का हाथ है। घटना के बाद कोर्ट परिसर और आसपास सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है।
चरखी दादरी में भी हुई थी ताबड़तोड़ फायरिंग
गौरतलब है कि इसी महीने हरियाणा के चरखी दादरी जिले में भी गोलीबारी की एक बड़ी घटना सामने आई थी। वहां तीन हथियारबंद हमलावरों ने एक स्कॉर्पियो को निशाना बनाकर कई गोलियां चलाई थीं। इस हमले में वाहन में सवार सात लोगों में से दो की मौत हो गई थी, जबकि अन्य घायल हुए थे।


