हरियाणा के पानीपत के थाना सेक्टर-13-17 क्षेत्र स्थित गढ़सरनाई गांव में बैंक सिक्योरिटी गार्ड मदन की हत्या के मामले में पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। जांच में सामने आया है कि मदन की पत्नी पिंकी और उसके जेठ के बेटे विशाल ने मिलकर इस हत्याकांड की साजिश रची थी। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच प्रेम संबंध थे और मदन उनके रिश्ते में बाधा बन रहा था।
खीर में मिलाई नींद की गोलियां, फिर रची हत्या की साजिश
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपियों ने पहले मदन को खीर में नींद की गोलियां मिलाकर खिलाईं। इसके बाद नशे की हालत में उसे कीटनाशक पिलाकर मौत के घाट उतारने की योजना बनाई गई। हालांकि मदन ने विरोध किया तो विशाल ने उसके सिर पर लोहे की छड़ से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल होने के बाद दोनों ने मिलकर उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
आत्महत्या का रूप देने की कोशिश
हत्या के बाद आरोपियों ने पूरे मामले को आत्महत्या दिखाने की कोशिश की। मदन के शव को चारपाई पर रखा गया और गले में कपड़ा लपेटकर घटनास्थल को इस तरह तैयार किया गया ताकि मामला आत्महत्या का लगे। शुरुआत में परिवार और पत्नी ने भी इसे आत्महत्या बताया, जिससे पुलिस जांच को भटकाने का प्रयास किया गया।
मां की शिकायत के बाद खुली जांच की दिशा
मृतक की मां केला देवी ने 8 जून को थाना सेक्टर-13-17 में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने अपने बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई थी। पुलिस ने घटनास्थल से मिले सबूतों और परिस्थितियों के आधार पर जांच शुरू की, जिसमें पत्नी पिंकी और विशाल पर संदेह गहराता गया।
पुलिस पूछताछ में टूटी पिंकी
बुधवार को पुलिस ने पिंकी से गहन पूछताछ की। शुरुआती दौर में उसने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया, लेकिन सख्ती से पूछताछ के दौरान उसने विशाल के साथ मिलकर हत्या करने की बात स्वीकार कर ली। पूछताछ में उसने बताया कि पति मदन शराब के नशे में अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। इसी दौरान उसकी नजदीकियां विशाल से बढ़ीं और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए।
विशाल पुलिस रिमांड पर, पिंकी भेजी गई जेल
पुलिस ने आरोपी पिंकी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। वहीं मुख्य आरोपी विशाल को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।


