चंडीगढ़: पंजाब की राजधानी चंडीगढ़ में फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा को लेकर विवाद तेज हो गया है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री भगवंत मान सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान छात्रों ने पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस के इस्तीफे की मांग करते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
शिक्षा मंत्री ने पेपर लीक के आरोपों को किया खारिज
प्रदर्शन की मुख्य वजह फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा में कथित पेपर लीक का मामला है। हालांकि शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह पेपर लीक नहीं बल्कि हाईटेक उपकरणों के जरिए की गई नकल का मामला है। सरकार का दावा है कि परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक नहीं हुआ।
CBI जांच की उठी मांग
मामले की गंभीरता को देखते हुए विपक्षी दलों ने इसकी CBI जांच कराने की मांग की है। इस मुद्दे पर केवल ABVP ही नहीं, बल्कि भारतीय जनता पार्टी (BJP), कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (SAD) भी आम आदमी पार्टी (AAP) सरकार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं।
विपक्ष और सरकार आमने-सामने
विपक्ष का आरोप है कि पिछले साढ़े चार वर्षों में राज्य की कई भर्ती परीक्षाओं में प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सामने आई हैं। वहीं, आम आदमी पार्टी का कहना है कि उसके शासनकाल में एक भी परीक्षा का पेपर लीक नहीं हुआ। पार्टी का आरोप है कि विपक्ष सरकार की छवि खराब करने के लिए झूठे आरोप लगा रहा है।
पुलिस ने नकल गिरोह का किया था भंडाफोड़
गौरतलब है कि 19 जुलाई को पंजाब पुलिस ने फार्मेसी ऑफिसर भर्ती परीक्षा के दौरान सक्रिय एक अंतर-राज्यीय नकल गिरोह का पर्दाफाश किया था। इस कार्रवाई में गिरोह के 11 सदस्यों और 10 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया था। इसी घटना के बाद से विपक्ष लगातार इसे पेपर लीक का मामला बताते हुए सरकार को घेर रहा है, जबकि सरकार इसे केवल संगठित नकल का मामला मान रही है।


