32.2 C
Agra
Homeदेशगुजरात के वलसाड में बड़ा रेल हादसा टला: विरार-भरूच MEMU के 4...

गुजरात के वलसाड में बड़ा रेल हादसा टला: विरार-भरूच MEMU के 4 पहिए पटरी से उतरे, कोई हताहत नहीं

गुजरात के वलसाड जिले में मंगलवार सुबह एक बड़ा रेल हादसा टल गया, जब ट्रेन संख्या 19101 विरार-भरूच MEMU भिलाड रेलवे स्टेशन पहुंचने से पहले पटरी से उतर गई। हादसे में ट्रेन के ड्राइविंग मोटर कोच (DMC) के अगले चार पहिए ट्रैक से उतर गए। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी यात्री, रेल कर्मचारी या स्थानीय व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है। घटना के बाद ट्रेन में मौजूद यात्रियों के बीच कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। रेलवे अधिकारियों ने तुरंत राहत और बहाली का कार्य शुरू कर दिया।

सुबह 6:27 बजे हुआ हादसा

पश्चिम रेलवे के मुंबई सेंट्रल मंडल के अधिकारियों के अनुसार यह घटना मंगलवार सुबह 6:27 बजे हुई। हादसे के तुरंत बाद रेलवे की तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और ट्रेन को दोबारा पटरी पर लाने का काम शुरू कर दिया गया। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विरार-भरूच MEMU को भिलाड स्टेशन पर ही शॉर्ट टर्मिनेट कर दिया गया। इसके चलते भिलाड से भरूच के बीच ट्रेन सेवा आंशिक रूप से रद्द कर दी गई।

मुंबई-अहमदाबाद रेल मार्ग प्रभावित

इस घटना का असर मुंबई-अहमदाबाद रेल रूट पर भी पड़ा। पश्चिम रेलवे ने परिचालन सुचारु बनाए रखने के लिए कुछ ट्रेनों के प्रस्थान समय में बदलाव किया है।

बदले गए ट्रेनों के समय

  • ट्रेन संख्या 19015 दादर–पोरबंदर एक्सप्रेस अब सुबह 9:30 बजे की बजाय 10:30 बजे रवाना होगी।
  • ट्रेन संख्या 09055 बांद्रा टर्मिनस–उधना एक्सप्रेस अब 9:00 बजे के बजाय 10:00 बजे प्रस्थान करेगी।
  • ट्रेन संख्या 59045 मुंबई सेंट्रल–वापी एक्सप्रेस अब 9:55 बजे के बजाय 10:55 बजे चलेगी।
  • ट्रेन संख्या 09001 मुंबई सेंट्रल–बाड़मेर स्पेशल अब 10:30 बजे की जगह 11:30 बजे रवाना होगी।

यात्रियों के लिए रेलवे की सलाह

पश्चिम रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन का करंट रनिंग स्टेटस जरूर जांच लें। इसके लिए यात्री NTES पोर्टल या रेलवे हेल्पलाइन 139 का उपयोग कर सकते हैं, ताकि देरी या समय में बदलाव से होने वाली असुविधा से बचा जा सके।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments