हार से टूटीं जेमिमा, भावुक स्मृति मंधाना ने मैदान पर बढ़ाया हौसला, वायरल हुआ क्यूट मोमेंट
महिला प्रीमियर लीग 2026 का फाइनल सिर्फ एक रोमांचक मुकाबला ही नहीं, बल्कि भावनाओं से भरी कई खास कहानियों का गवाह भी बना। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु महिला टीम ने खिताबी मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स महिला टीम को छह विकेट से हराकर दूसरी बार ट्रॉफी अपने नाम की। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली ने 20 ओवर में चार विकेट पर 203 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में आरसीबी ने 19.4 ओवर में चार विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। यह हार दिल्ली के लिए इसलिए भी ज्यादा दर्दनाक रही, क्योंकि टीम को लगातार चौथे सीजन में फाइनल में शिकस्त झेलनी पड़ी।
फाइनल के बाद भावुक हुईं जेमिमा रॉड्रिग्स
दिल्ली की कप्तान जेमिमा रॉड्रिग्स हार के बाद खुद को संभाल नहीं पाईं और मैदान पर भावुक नजर आईं। लगातार चार बार फाइनल में हार का दर्द उनके चेहरे पर साफ दिख रहा था। बार-बार आंसू पोंछते हुए उन्हें कैमरे ने कैद किया, जिसने फैंस को भी भावुक कर दिया।
दोस्ती की मिसाल बनीं स्मृति मंधाना
जेमिमा को टूटते देख आरसीबी की कप्तान स्मृति मंधाना खुद को रोक नहीं सकीं। वह तुरंत उनके पास पहुंचीं, उन्हें गले लगाया और अपनी ऑरेंज कैप पहनाकर हौसला बढ़ाया। मंधाना ने मुस्कुराने के लिए कहा और जेमिमा के गाल पकड़कर माहौल हल्का करने की कोशिश की। यह खूबसूरत पल कैमरे में कैद हो गया और सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। खास बात यह रही कि इस मौके पर श्रेयंका पाटिल, अरुंधति रेड्डी और राधा यादव भी वहां पहुंचीं और जेमिमा को संभालते नजर आईं।
दोस्ती जो मैदान से आगे तक जाती है
जेमिमा और मंधाना की दोस्ती किसी से छिपी नहीं है। पिछले मुश्किल दौर में जब मंधाना निजी चुनौतियों से गुजर रही थीं, तब जेमिमा उनके साथ मजबूती से खड़ी रहीं। यहां तक कि उन्होंने महिला बिग बैश लीग छोड़कर अपनी दोस्त के साथ समय बिताया था। शायद यही वजह है कि जीत की खुशी के बीच भी मंधाना सबसे पहले अपनी दोस्त का दर्द समझने पहुंचीं। फाइनल का यह दृश्य क्रिकेट के उस खूबसूरत पहलू को दिखाता है, जहां प्रतिस्पर्धा से ऊपर इंसानियत और दोस्ती होती है।


