12.9 C
Agra
HomeखेलRCB की धमाकेदार जीत, WPL 2026 के फाइनल में बनाई जगह

RCB की धमाकेदार जीत, WPL 2026 के फाइनल में बनाई जगह

WPL 2026: RCB का दमदार प्रदर्शन, फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी

विमेन्स प्रीमियर लीग 2026 के 18वें मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने दमदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल का टिकट पक्का कर लिया। टीम ने यूपी वॉरियर्ज़ को 8 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी। टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी चुनने का RCB का फैसला बिल्कुल सही साबित हुआ। UPW ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 143 रन बनाए, लेकिन जवाब में बेंगलुरु की टीम ने लक्ष्य को बेहद आसानी से हासिल कर लिया।

RCB की पारी की शुरुआत विस्फोटक रही। ओपनिंग जोड़ी ने पहले 9 ओवर में बिना विकेट गंवाए 108 रन जोड़ दिए। हालांकि, अगले ही ओवर में टीम को पहला झटका लगा जब ग्रेस हैरिस 37 गेंदों पर 75 रन की तेज़तर्रार पारी खेलकर आउट हुईं। इसके बाद कप्तान स्मृति मंधाना ने जॉर्जिया वोल के साथ मिलकर पारी को संभाला और 14वें ओवर की पहली गेंद पर ही टीम को जीत दिला दी। इस जीत के साथ RCB WPL 2026 के फाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई।

इससे पहले UPW की शुरुआत मजबूत रही थी। टीम ने शुरुआती 8 ओवर में बिना किसी नुकसान के 74 रन जोड़ लिए थे। लेकिन 9वें ओवर में कप्तान मेग लैनिंग 30 गेंदों पर 41 रन बनाकर आउट हो गईं, जिससे टीम की लय टूट गई। इसके बाद एमी जोंस केवल 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गईं।

मध्य ओवरों में RCB की गेंदबाज़ नादिन डी क्लर्क ने अहम सफलताएं दिलाईं। 12वें ओवर में हरलीन देओल 14 रन पर आउट हो गईं, जबकि 14वें ओवर में क्लो ट्रायन भी 6 रन बनाकर चलती बनीं। 17वें ओवर में UPW को एक और झटका लगा जब श्वेता सहरावत सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गईं। अंतिम ओवरों में दीप्ति शर्मा ने संघर्ष जारी रखते हुए अर्धशतक पूरा किया, लेकिन 19वें ओवर की आखिरी गेंद पर 55 रन बनाकर उनका विकेट गिर गया। आखिरकार UPW की टीम 143 रन तक पहुंच सकी, जो RCB की मजबूत बल्लेबाज़ी के सामने नाकाफी साबित हुआ।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments