35.2 C
Agra
Homeदेशराजगढ़ में दर्दनाक हादसा: खुजनेर में तालाब में गिरी तेज रफ्तार स्विफ्ट...

राजगढ़ में दर्दनाक हादसा: खुजनेर में तालाब में गिरी तेज रफ्तार स्विफ्ट कार, 5 लोगों की मौत

राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के खुजनेर थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया। भीलखेड़ी जोड़ के पास एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर तालाब में जा गिरी। हादसे में कार सवार पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव अभियान शुरू किया गया।

पुलिस और ग्रामीणों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

खुजनेर थाना प्रभारी रवि ठाकुर पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों की मदद से कार तक पहुंचकर उसमें फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और तत्काल अस्पताल भेजा गया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी पांचों को मृत घोषित कर दिया।

बंद शीशे और लॉक गेट बने मौत की वजह

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के समय कार के सभी दरवाजे और शीशे बंद थे। तालाब में गिरने के बाद कार में सवार लोग बाहर नहीं निकल सके। पुलिस और ग्रामीणों ने कार के शीशे तोड़कर लोगों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।

मृतकों की पहचान में जुटी पुलिस

पुलिस के मुताबिक, मृतकों की जेब से मिले दस्तावेजों के आधार पर उनकी पहचान करने की कोशिश की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मृतक अरनिया खुर्द, अवंतीपुर बड़ोदिया, मोहन बड़ोदिया और हताई खेड़ा गांव के निवासी हो सकते हैं। परिजनों को सूचना दी जा रही है।

क्रेन की मदद से तालाब से निकाली गई कार

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। कार पूरी तरह पानी में डूब चुकी थी, जिसे क्रेन की मदद से बाहर निकाला गया। वाहन के अंदर से सभी पांच शव बरामद किए गए।

तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, जांच जारी

पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि कार तेज रफ्तार होने के कारण चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन सीधे तालाब में जा गिरा। हालांकि, दुर्घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच और तकनीकी रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।

पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे जाएंगे शव

खुजनेर पुलिस ने सभी शवों को पहचान और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया है। परिजनों के पहुंचने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर शव उन्हें सौंप दिए जाएंगे।

एक दिन पहले गुना में भी हुआ था दर्दनाक सड़क हादसा

गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले गुना जिले के कैंट थाना क्षेत्र के मावन में नारकोटिक्स विभाग की टीम से बचकर भाग रहे डोडा चूरा तस्करों की तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी थी। इस हादसे में पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई थी। लगातार सामने आ रहे ऐसे सड़क हादसे तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के गंभीर खतरे की ओर इशारा करते हैं।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments