कर्नाटक के उत्तर कन्नडा जिले से गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। यल्लापुरा तालुका के अराबैल घाट में ट्रक और क्रूजर कार के बीच हुई भीषण टक्कर में 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के अनुसार, धारवाड़ से अंकोला की ओर जा रही एक क्रूजर कार में कुल 9 लोग सवार थे। सभी बुधवार (8 जुलाई) की रात धर्मस्थला और चिकमगलूर की यात्रा के लिए निकले थे। जब उनकी गाड़ी अराबैल घाट के बालगर क्षेत्र में पहुंची, तभी सामने से आ रहे ट्रक (KA 22 AA 1008) से उसकी आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।
मौके पर ही 6 लोगों की मौत
टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूजर वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में 6 लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि 3 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतकों के शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए यल्लापुरा सरकारी अस्पताल भेजा गया है।
स्विगी में पार्ट-टाइम डिलीवरी बॉय थे सभी यात्री
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए सभी लोग स्विगी (Swiggy) में पार्ट-टाइम डिलीवरी बॉय के रूप में काम करते थे। वे धार्मिक और पर्यटन यात्रा पर निकले थे, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना के बाद यल्लापुरा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में आमने-सामने की टक्कर को हादसे की वजह माना जा रहा है, हालांकि विस्तृत जांच के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा।


