27.6 C
Agra
Homeदेशबारुईपुर रेप-मर्डर केस: नाबालिग से दरिंदगी के आरोपी प्रभास मंडल पुलिस एनकाउंटर...

बारुईपुर रेप-मर्डर केस: नाबालिग से दरिंदगी के आरोपी प्रभास मंडल पुलिस एनकाउंटर में ढेर, मां ने शव लेने से किया इनकार

पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के बारुईपुर में नाबालिग लड़की के रेप और हत्या के मामले में मुख्य आरोपी प्रभास मंडल पुलिस एनकाउंटर में मारा गया। पुलिस के अनुसार, वारदात का सीन रीक्रिएट करने के दौरान आरोपी ने पुलिसकर्मी की बंदूक छीनकर भागने की कोशिश की और कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग भी की। जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

सीन रीक्रिएशन के दौरान क्या हुआ?

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार देर रात करीब 12:45 बजे प्रभास मंडल को अपराध स्थल पर ले जाया गया था, ताकि घटना का सीन रीक्रिएट किया जा सके। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और मौके से भागने की कोशिश की। पुलिस का दावा है कि आरोपी ने टीम पर गोली भी चलाई, जिसके बाद आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की गई। गोली लगने से प्रभास मंडल गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

क्या है बारुईपुर रेप और मर्डर का पूरा मामला?

रविवार को दक्षिण 24 परगना के बारुईपुर के सुर्ज्यपुर हाट इलाके में एक बोरी के अंदर नाबालिग लड़की का शव बरामद हुआ था। इस घटना से इलाके में भारी आक्रोश फैल गया। स्थानीय लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बारुईपुर-जयनगर मार्ग पर जाम लगाया, टायर जलाए और कई वाहनों में तोड़फोड़ की। इसी दौरान गुस्साई भीड़ ने लड़की की हत्या में संलिप्त होने के संदेह में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी। पुलिस जांच में प्रभास मंडल को इस मामले का मुख्य संदिग्ध माना गया। पुलिस के अनुसार, घटना से पहले वह सीसीटीवी फुटेज में पीड़िता के साथ दिखाई दिया था।

आरोपी की मां ने शव लेने से किया इनकार

प्रभास मंडल की मां ने बेटे की मौत पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुलिस उनके घर सूचना देने आई थी, लेकिन उन्होंने शव लेने से साफ इनकार कर दिया। उन्होंने कहा, “मैं उसे अब देखना नहीं चाहती। उसने जो किया, उसकी सजा उसे मिल गई। मुझे अब शांति मिली है। वह मेरी कोई बात नहीं सुनता था। दिनभर नशे में रहता था। घर में उसके शव को लेने वाला भी कोई नहीं है।”

पीड़ित परिवार से मिले मुख्यमंत्री, SIT जांच जारी

इस मामले को लेकर पश्चिम बंगाल सरकार ने विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया है। इससे पहले राज्य के मुख्यमंत्री ने बारुईपुर पहुंचकर पीड़िता के माता-पिता से मुलाकात की और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया। सरकार का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments